अकोला में महायुति का 'तलाक', शिंदे सेना गठबंधन से बाहर, अकेले सभी 80 सीटों पर ठोकेंगी ताल!

Akola Municipal Election 2026: अकोला मनपा चुनाव को लेकर महायुति से शिंदे गुट बाहर हो गया। सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान। भाजपा 66 और अजीत पवार गुट 14 सीटों पर मैदान में।
Maharashtra Local Body Election
देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Akola News: अकोला मनपा चुनाव को लेकर अब राजनीतिक गतिविधियां धीरे धीरे तेज होती जा रही हैं। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन तक महायुति और महाविकास आघाड़ी के नेताओं की बैठकों के दौर पर दौर शुरू हैं, अब जाकर पूरी तरह स्थिति स्पष्ट हो रही है। जिसमें सबसे विशेष बात यह है कि, महायुति से शिवसेना शिंदे गुट बाहर हो गया है।

कई जगह ऐसा देखा जा रहा है कि, प्रभागों में शिवसेना शिंदे गुट और शिवसेना के प्रत्याशी आमने सामने रहेंगे। पिछले काफी समय से भाजपा, राकां अजीत पवार गुट और शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं की बैठकें लगातार शुरू थीं। अब जाकर भाजपा और राकां अजीत पवार गुट का तालमेल बैठ गया है।

सिर्फ शिवसेना शिंदे गुट महायुति से बाहर हो गया है। भाजपा 80 स्थानों में से 66 स्थानों पर अपने उम्मीदवार खड़े कर रही है, 14 स्थान राकां अजीत पवार गुट को दिए गए हैं। इसी तरह शिवसेना शिंदे गुट ने सभी 80 स्थानों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने का निर्णय लिया है।

मविआ में भी यही स्थिति

इसी तरह की स्थिति महाविकास आघाड़ी में भी उत्पन्न हुई है। मविआ में कांग्रेस और राकां शरद पवार गुट का गठबंधन हो गया है। कांग्रेस ने 55 स्थानों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं, 25 स्थानों पर राकांपा शरद पवार गुट के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

शिवसेना उबाठा ने 55 स्थानों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। कुछ स्थानों पर प्रहार और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का गठबंधन हुआ है। देखा जाए तो नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।

सभी जगह बगावत की स्थिति

यह उल्लेखनीय है कि, महायुति और मविआ दोनों में बगावत की स्थिति देखी जा रही है। भाजपा ने जो 14 स्थान राकां अजीत पवार गुट को दिए हैं उन प्रभागों में भाजपा के इच्छुकों में नाराजी देखी जा रही है। इसी तरह कांग्रेस ने जो 25 स्थान राकांपा शरद पवार गुट को दिए हैं उन स्थानों पर कांग्रेस के इच्छुकों में नाराजी देखी जा रही है। इस तरह महायुति और मविआ दोनों को बागियों के असंतोष का सामना करना पड़ेगा। नामांकन वापसी की तिथि के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस तरह की स्थिति है

पार्टी स्थिति (स्थान)
कांग्रेस 55
भाजपा 66
राकां (अजित पवार) 14
राकां (शरद पवार) 24
शिवसेना (शिंदे गुट) 80
शिवसेना (उबाठा) 55
मनसे 09
वीबीए 53
निर्दलीय स्थिति स्पष्ट नहीं
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com