
चंद्रपुर न्यूज
Municipal Election Strategy: चंद्रपुर शहर में मनपा चुनावों की सरगर्मियां तेज हुई है। लगभग सारे दल अपने प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने में व्यस्त है। परंतु भाजपा में आपसी गुटबाजी से हुए टकराव के कारण प्रत्याशी चयन की डोर सीधे नागपुर पहुंचने की खबर है। बताया जाता है कि गुरुवार 25 दिसंबर को नागपुर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक होनेवाली है।
जहां चंद्रपुर के विधायक सुधीर मुनगंटीवार, पूर्व केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर और विधायक किशोर जोरगेवार भाग लेंगे। दो गुटों में जहां मनपा के टिकट बंटवारे पर सवाल के साथ घमासान है वहां अब नागपुर से ही इसपर मुहर लगने की संभावना है। अभी कैन्सर अस्पताल के उद्घाटन को लेकर मुनगंटीवार और जोरगेवार में हुए टकराव ने यहां के सोशल मीडिया को चर्चा से सराबोर कर दिया था।
यह मामला मुख्यमंत्री फडणवीस तक पहुंच गया था। ऐसे में नगर निगम व नगर पंचायत चुनावों में यहां भाजपा का जो बुरा हाल हुआ वह मनपा में न हो, इसका ध्यान रखते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता सकते में आ गए है। इस घमासान व टकराव के पीछे कारण चाहे जो भी हो परंतु आनेवाले मनपा चुनाव में नुकसान से उबरने व सत्ता काबिज करने की चुनौती भाजपा को है।
इसकी जिम्मेदारी स्थानीय नेताओं ने लेनी चाहिए, ऐसी अपेक्षा वरिष्ठों को थी परंतु इसके विपरित गतिविधियां होने से वे भी परेशान है। इस परेशानी का हल निकालने व आगामी चुनावों में स्थानीयों को जिम्मेदारी से बांधने पर 25 दिसंबर को होनेवाली बैठक में मंथन होने की पूरी संभावना है।
यह भी पढ़ें – घोन्सा गांव वेस्टर्न कोल माइन ब्लास्ट, पत्थरों की बौछार से महिला बुरी तरह घायल, इलाके में अफरा-तफरी
चंद्रपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ता गुटबाजी से परेशान है। किस नेता का हाथ थामने पर टिकट मिलेगा? किसके साथ न रहे? इन सवालों को लेकर वे नामांकन प्रक्रिया में भी समय लेते दिखाई दे रहे है। सूत्रों की माने तो कुछ भाजपा के निष्ठावान कहे जानेवाले पदाधिकारी व कार्यकर्ता तक दो नामांकनों की तैयारी में है। जिस तरह से इनकमिंग का खेल शुरु है उससे समय पर यदि टिकट कट गया तो लड़ेंगे कैसे? इस सवाल को लेकर निर्दलीय के रुप में भी नामांकन भरने की तैयारी अधिकांश भाजपाई कर चुके है।
चंद्रपुर भाजपा की वर्तमान स्थिति पर यहां के राजनीतिक जानकारों की विशेष नजर है। यदि गुटबाजी अंदरुनी तौर पर कायम रहती है तो अन्य दलों को इसका अधिक लाभ मिलेगा। हालिया नगर निगम व पंचायत चुनावों में जो हाल हुए वहीं चंद्रपुर मनपा चुनाव में भी हो सकते है। चुनावी विश्लेषकों की माने तो यहां भाजपा बनाम भाजपा जैसे हालात भी पैदा हो सकते है।






