अब्दुल सत्तार की गद्दारी से रावसाहेब दानवे हारे चुनाव, बीजेपी नेता ने की कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग
अब्दुल सत्तार सिल्लोड में भाजपा को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सत्तार और उनके समर्थकों से नाराज हैं।
- Written By: किर्तेश ढोबले
अब्दुल सत्तार (सौजन्यः फाइल फोटो)
मुंबई/छत्रपति संभाजीनगर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने महाराष्ट्र के शिंदे-फडणवीस-पवार सरकार में मंत्री अब्दुल सत्तार को निष्कासित करने की मांग की है। पार्टी की सिल्लोड नगर इकाई के प्रमुख कमलेश कटारिया ने प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को एक पत्र भी लिखा है। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि सत्तार ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में जालना सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन किया था, जिसकी वजह से रावसाहेब दानवे को हार का सामना करना पड़ा।
कल्याण काले ने दानवे को हराया
कमलेश कटारिया ने बावनकुले को लिखे एक पत्र में आरोप लगाया कि शिवसेना नेता सत्तार और उनके समर्थकों ने कांग्रेस उम्मीदवार कल्याण काले की मदद की। काले ने जालना में पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे को एक लाख से अधिक मतों से हराया। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ में भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार नीत राकांपा शामिल हैं।
भाजपा को खत्म करने की कोशिश
कटारिया ने दावा किया कि राज्य विधानसभा में सिल्लोड का प्रतिनिधित्व करने वाले सत्तार ने अपने क्षेत्र में (भाजपा उम्मीदवार के) खिलाफ काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तार सिल्लोड में भाजपा को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सत्तार और उनके समर्थकों से नाराज हैं।
सम्बंधित ख़बरें
राज्यसभा में तिरंगे को लेकर संजय सिंह का बड़ा हमला; RSS पर लगाए ऐसे गंभीर आरोप कि मच गया हड़कंप, देखें VIDEO
CJP सौरव दास और उमर खालिद का क्या है कनेक्शन? राजीव चंद्रशेखर ने खोला राज, पोस्ट शेयर कर बड़ी साजिश का अंदेशा
संत रविदास की जन्मस्थली से भाजपा का नया मिशन, योगी समेत कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
किसान आंदोलन: हेमंत खंडेलवाल का कांग्रेस पर हमला, बोले- झूठ और भ्रम नहीं, संवाद व समाधान में भरोसा रखती है BJP
सत्तार को कैबिनेट से हटाए जाने की मांग
कटारिया ने अपने पत्र में लिखा कि हमने अब तक पार्टी की खातिर इसे बर्दाश्त किया है। इस पर कोई फैसला लिया जाना चाहिए और मंत्री को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल से हटा दिया जाना चाहिए। इससे पहले सत्तार ने दावा किया था कि उन्होंने दानवे के लिए काम किया था लेकिन “उनके कुछ लोग” पीछे हट गए।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
