भंडारा में डाक जीवन बीमा योजना बनी भरोसेमंद विकल्प, 49,135 लोगों ने अपनाया सुरक्षा और बचत का ये साधन
Bhandara News: भंडारा जिले में डाक जीवन बीमा योजनाएं ग्रामीण व शहरी लोगों की पहली पसंद बन रही हैं। अब तक 49,135 नागरिकों ने PLI व RPLI का लाभ लिया है। सरकारी गारंटी इनकी खासियत है।
- Written By: आकाश मसने
भंडारा पाेस्ट ऑफिस (फोटो नवभारत)
Postal Life Insurance Scheme News: भारतीय डाक विभाग की डाक जीवन बीमा योजनाएं (PLI और RPLI) अब भंडारा जिले में आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन गई हैं। सरकारी गारंटी, दीर्घकालिक बचत, कम प्रीमियम और अधिक बोनस जैसे फायदे मिलने के कारण यह योजना ग्रामीण और शहरी– दोनों क्षेत्रों में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। अब तक जिले के 49,135 नागरिकों ने इस योजना का लाभ उठाया है, जिनमें से 34 हजार ग्रामीण क्षेत्र और 15,135 शहरी क्षेत्र से हैं।
डाक जीवन बीमा योजना में 19 से 55 वर्ष की आयु के नागरिक जुड़ सकते हैं। यह योजना खासतौर पर किसानों, खेतिहर मजदूरों, छोटे व्यापारियों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों के लिए सुरक्षा के साथ-साथ बचत का भी साधन बन गई है। कहा जा रहा है कि इसमें कम किस्तों में अधिक सुरक्षा, कर्ज की सुविधा, नामनिर्देशन की सुविधा, अग्रिम प्रीमियम पर छूट जैसे कई फायदे इसमें शामिल हैं।
ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक लाभ वितरण
वित्तीय वर्ष 2024-25 में ग्रामीण डाक जीवन बीमा के तहत 44 लाभार्थियों को ₹38,81,960 की राशि दी गई। वहीं अप्रैल से अगस्त 2025 के बीच 8 लाभार्थियों को ₹8,44,390 का भुगतान हुआ। यह योजना गांवों में न केवल लोगों को आर्थिक सुरक्षा दे रही है, बल्कि भविष्य के लिए योजनाबद्ध बचत को भी बढ़ावा दे रही है।
सम्बंधित ख़बरें
Harit Maharashtra Campaign: गोंदिया में 17 लाख पौधारोपण का लक्ष्य, पर्यटन और हरित विकास पर जोर
नासिक के पेठ तहसील में 25 हजार हेक्टेयर पर खरीफ बुआई का लक्ष्य; नकली बीजों को लेकर कृषि विभाग पूरी तरह अलर्ट
Nashik RTO: टैक्स न भरने वाले 12 जब्त वाहनों की 2 जून को ई-नीलामी; 27 मई तक पंजीकरण का अंतिम मौका
नागपुर-हावड़ा रूट पर असर: रेल यात्रियों के लिए अलर्ट! चौथी लाइन कार्य से कई ट्रेनें प्रभावित
शहरी क्षेत्र में भी बढ़ रहा रुझान
शहरी क्षेत्र में भी डाक जीवन बीमा को सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। वर्ष 2024-25 में 27 लाभार्थियों को ₹13,50,000 तथा अप्रैल से अगस्त 2025 तक 7 लाभार्थियों को ₹11,40,000 की राशि वितरित की गई।
निजी बीमा कंपनियों की तुलना में कम प्रीमियम, अधिक बोनस, सुनिश्चित रिटर्न और आयकर में छूट की वजह से सरकारी कर्मचारी, निजी क्षेत्र के कामगार, व्यापारी और उद्यमी भी इस योजना को प्राथमिकता दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- गोंदिया में अगस्त में 40 प्रतिशत कम बारिश, 7 मंडलों में 50 फीसदी से भी कम बारिश, फसलों पर संकट
योजना की प्रमुख विशेषताएं:
- सरकारी गारंटी के कारण पूरी तरह भरोसेमंद
- देशभर के किसी भी डाकघर से प्रीमियम जमा करने की सुविधा
- ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध
- सबसे अधिक बोनस और आयकर में छूट
- सुरक्षित निवेश के साथ-साथ लंबी अवधि की बचत का विकल्प
सरकारी गारंटी ही सबसे बड़ी ताकत
भोलाराम सोनकुसरे, हेड पोस्टमास्टर, जिला डाकघर भंडारा ने बताया कि, “डाक जीवन बीमा की सबसे बड़ी ताकत सरकार की गारंटी है। यह योजना निजी कंपनियों की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद है। बीमा धारकों को सुरक्षा के साथ-साथ निवेश और बचत का भी लाभ मिलता है।”
डाक विभाग की यह योजना नागरिकों को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उन्हें भविष्य के प्रति आश्वस्त भी कर रही है। आने वाले दिनों में इस योजना को और अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की योजना है।
