भंडारा में आदमखोर बाघिन का आतंक, 2 हफ्तों में 2 बड़े हमले…एक मौत, ग्रामीणों ने साकोली–तिरोडा मार्ग किया जाम
Bampewada Tiger Attack: साकोली-तिरोड़ा मार्ग पर बवाल! आदमखोर बाघिन के हमले में एक की मौत, एक घायल। ग्रामीणों ने किया चक्काजाम और आगजनी। जानें वन विभाग का क्या है एक्शन प्लान।
- Written By: प्रिया जैस
ग्रामीणों ने साकोली–तिरोड़ा मार्ग किया जाम (सौजन्य-नवभारत)
Maharashtra Forest Department: साकोली तहसील के अंतर्गत आने वाले बांपेवाड़ा और उमरझरी क्षेत्र में एक आदमखोर बाघिन ने पिछले कुछ दिनों से भारी दहशत फैला रखी है। इस बाघिन के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। बाघिन की गतिविधियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में भय का माहौल और गहरा गया है। प्रशासन की धीमी कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने साकोली–तिरोडा मार्ग को जाम कर दिया।
दो सप्ताह में दो बड़े हमले
मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च को बांपेवाड़ा निवासी 50 वर्षीय वसंता मेश्राम पर बाघिन ने हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के कुछ ही दिनों बाद 28 मार्च को उमरझरी की 48 वर्षीय माया रामकृष्ण सोनवाने पर बाघिन ने हमला किया। इस हमले में माया सोनवाने गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। लगातार हो रहे इन हमलों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का आक्रोश, आगजनी
घायल महिला को समय पर सहायता और इलाज न मिलने के आरोप में ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए साकोली–तिरोडा मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया। इस दौरान कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक बाघिन को पकड़ा नहीं जाता और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सम्बंधित ख़बरें
भंडारा में कृषि दिवस पर प्रगतिशील किसानों का सम्मान, आधुनिक खेती पर दिया गया मार्गदर्शन
भंडारा जिप प्राथमिक में हर्षोल्लास के साथ प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत
वनवासी नहीं, आदिवासी हैं… भंडारा में गृहमंत्री शाह के बयान के खिलाफ हुआ आंदोलन, की अधिकारों की मांग
भंडारा में घरों तक पहुंच रहे सांप, वन विभाग ने 1926 पर सूचना देने की सलाह दी
यह भी पढ़ें – कांग्रेस सांसद प्रशांत पडोले सड़क हादसे में घायल, तेज रफ्तार ट्रक ने कार के उड़ाए परखच्चे, बाल-बाल बची जान
वन विभाग की कार्रवाई तेज
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने बाघिन को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है। परिसर में पिंजरे लगाए गए हैं और विशेष रेस्क्यू टीम को तैनात किया गया है। बाघिन की निगरानी के लिए अस्थायी टावर बनाए जा रहे हैं। साथ ही, बाघिन के दिखाई देने पर ट्रैंक्विलाइजर गन से बेहोश कर पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की अपील
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की टीम तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें। बाघिन को पकड़ने के लिए ड्रोन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी विचार किया जा रहा है।
