

Nagpur Airport Road Accident: महाराष्ट्र के भंडारा जिले से कांग्रेस सांसद डॉ. प्रशांत पडोले सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वे कार से नागपुर एयरपोर्ट जा रहे थे। हादसे में उनके ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, नागपुर के पास एयरपोर्ट रूट पर उनकी कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, सांसद को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।
हादसे के बाद डॉ. पडोले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को टैग करते हुए लिखा, “जब सांसद ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा?” सांसद ने यह भी सवाल उठाया कि दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग भी नहीं खुले, जो गंभीर चिंता का विषय है।
इस सड़क हादसे में मामूली चोट लगने के बावजूद डॉ. प्रशांत पडोले एयरपोर्ट पहुंचे। जानकारी के अनुसार, वे एक दोपहिया वाहन से लिफ्ट लेकर नागपुर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
यह पहली बार नहीं है जब सांसद पडोले सड़क दुर्घटना का शिकार हुए हैं। इससे पहले सितंबर 2025 में भी नागपुर बायपास के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें वे मामूली रूप से घायल हुए थे। बता दें, कि डॉ. प्रशांत पडोले भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट से कांग्रेस के सांसद हैं। वे अक्सर विदर्भ और महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों को दिल्ली तक उठाने में सक्रिय भूमिका निभाते है।