Bhandara News: शादी से 4 दिन पहले युवक ने की आत्महत्या। 26 वर्षीय राजेश अविनाश भेंडारकर ने शादी से महज चार दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
राजेश की शादी 16 मार्च को होने वाली थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच, गुरुवार को तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच राजेश ने घर के पास खेत की मेड़ पर स्थित आम के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।
सुबह करीब 6 बजे गोठे का कचरा फेंकने गई एक महिला ने उसे पेड़ से लटका हुआ देखा। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
राजेश चंद्रपुर जिले की एक सीमेंट कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, शादी में केवल चार दिन शेष रहते हुए राजेश ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आ सका है।
इस घटना से भेंडारकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और खुशी का माहौल मातम में बदल गया है। पालांदुर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 4/2026 दर्ज किया है और थाना प्रभारी सतीश बनसोड के मार्गदर्शन में पुलिस हवलदार देवेंद्र मासुरकर आगे की जांच कर रहे हैं।