महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: नागपुर में सड़क पर चूल्हा जलाकर जताया विरोध
नागपुर में गैस सिलेंडर के दाम में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने किया आंदोलन। नागरिकों की समस्याओं को लेकर उठाई गई आवाज़।
Nagpur Congress Protest News: घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडरों का दाम क्रमश: 60 और 150 रुपये बढ़ाए जाने के विरोध में शहर व जिला कांग्रेस ने आंदोलन किया। शहर कांग्रेस ने दरवृद्धि को तत्काल रद्द करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया।
जिलाधिकारी को इससे संबंधित मांग का ज्ञापन भी सौंपा गया। मनपा में विरोधी पक्षनेता संजय महाकालकर के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने कहा कि पहले ही जनता महंगाई से त्रस्त है। कांग्रेस के समय सिलेंडर का दाम 400 रुपये था लेकिन भाजपा सरकार ने 900 रुपये कर दिया।
अब फिर घरेलू सिलेंडर में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर के दाम 150 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। इससे छोटे-छोटे खानपान के व्यवसायियों को दिक्कत हो रही है।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर के मौदा में कृषि विक्रेताओं की हड़ताल, 168 दुकानें बंद, किसान हो रहे परेशान
नागपुर: कोंढाली में दर्दनाक हादसा, खुले गड्ढे में गिरने से 3 साल के मासूम की मौत, कार्रवाई की मांग
नागपुर को ‘नेक्स्ट वेव आईटी हब’ बनाने पर जोर, एयर कनेक्टिविटी और स्किल डेवलपमेंट पर फोकस
नागपुर SBL फैक्ट्री विस्फोट: हाई कोर्ट सख्त, 5 अधिकारियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
शिष्टमंडल में अतुल कोटेचा, विशाल मुत्तेमवार, प्रशांत धवड़, दिनेश बानाबाकोडे, गिरीश पांडव, केतन ठाकरे, नंदा पराते सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
सिलेंडर बुक करने की अवधि बढ़ा दी गई है। पहले 15 दिनों में सिलेंडर बुक करने की सुविधा थी, अब उसे भी बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इससे बड़ी दिक्कतों का सामना नागरिकों को करना पड़ रहा है।
शिष्टमंडल ने मांग की कि सिलेंडर के दाम कम किए जाएं और अवधि पूर्ववत की जाए। आंदोलनकारियों ने सड़क पर ही लकड़ी जलाकर सब्जी बनाई और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आंदोलन में प्रवीण गवरे, सरोज तिवारी, नरेश खडसे, आशीष बालबांडे, शत्रुध्न महंतो, खेमचंद पटले, स्नेहल ठाकरे, सुनीता तभाने, विजय मसराम, सीमा राऊत, सुक्षांत लोखडे, रवि पराते, प्रभाकर काडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अश्विन बैस के नेतृत्व में भी आंदोलन किया गया। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता की जेब पर डाका डाल रही है। महंगाई से त्रस्त जनता को गैस के दाम बढ़ाकर और लूटने का काम किया जा रहा है।
केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। आंदोलन में पूर्व मंत्री सुनील केदार, कुंदा राऊत, अवंतिका लेकुरवाडे, शकूर नागाणी, तापेश्वर वैद्य, ज्ञानेश्वर वानखेडे, प्रियंका कालमेघ, किशोर सांडेल, आशीष काटकर, दीपक कुंभारे, कल्पना बारई, शशिकला पत्रे, स्वप्निल श्रावणकर शामिल थे।
