हिंदू आस्था पर हमला बर्दाश्त नहीं, पवनी में मंदिर में तोड़फोड़ के बाद रास्ता रोको आंदोलन, 24 घंटे की डेडलाइन
Bhandara Temple Idol Desecration: भंडारा के भावड में देव प्रतिमा खंडित होने से आक्रोश। विधायक नरेंद्र भोंडेकर ने दिया अल्टीमेटम- '24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो करेंगे तीव्र आंदोलन'।
- Written By: प्रिया जैस
पवनी मंदिर में तोड़फोड़ (सौजन्य- नवभारत)
Bhavad Village Incident: भंडारा जिले के पवनी तहसील के भावड गांव स्थित मंदिर में देव प्रतिमा तोड़े जाने की अत्यंत निंदनीय घटना सामने आई है। खास बात यह है कि इस मंदिर में प्रतिमा के अपमान की यह तीसरी घटना है, जिससे श्रद्धालुओं और हिंदू समाज में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
शनिवार सुबह करीब 8 बजे, भावड निवासी पिंटू आनंदराव वाढई दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे, तब उन्हें मूर्ति क्षतिग्रस्त अवस्था में दिखाई दी। उन्होंने तुरंत मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद मेंढे को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अड्याल पुलिस को सूचना दी गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार रात की है। अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए श्वान दल और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
धार्मिक भावनाओं पर हमला, पुराना इतिहास
भावड का यह शिव मंदिर 1990 के दशक में हरिश्चंद्र भुसारी महाराज द्वारा स्थापित किया गया था। इससे पहले भी यहां 2004 और 2005 में मूर्ति तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। बाद में 2009 में जनसहयोग से पुनः मूर्ति की स्थापना की गई थी। अब 17 जनवरी 2026 को तीसरी बार इस तरह की घटना होने से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Dilip Ram Murder Case: TMC नेता दिलीप राम हत्याकांड में बड़ा फैसला, कोर्ट ने 7 दोषियों को सुनाई उम्रकैद की सजा
Bhandara News: भंडारा में अवैध महुआ शराब की भट्टी ध्वस्त, ₹1.65 लाख का लाहन और सामान जब्त
Bhandara News: लाखांदुर में 15,562 हेक्टेयर में धान की बुआई पूरी, बारिश से रोपाई ने पकड़ी रफ्तार
Bhandara News: भंडारा के साकोली में भारी बारिश से तालाब फूटा, किसानों की फसल तबाह
विधायक भोंडेकर का कड़ा रुख
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक नरेंद्र भोंडेकर, विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और रास्ता रोको आंदोलन किया। विधायक भोंडेकर ने इसे हिंदू समाज की आस्था पर सीधा हमला बताते हुए प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि रविवार सुबह 10 बजे तक दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो अड्याल पुलिस स्टेशन के सामने तीव्र आंदोलन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें – IND vs NZ: न्यूजीलैंड को धूल चटाने नागपुर पहुंची टीम इंडिया, पलक झपकते ही बुक हुए 45 हजार टिकट
गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग
मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद मेंढे, उपाध्यक्ष मुरलीधर हेमने और सचिव तेजराम नागरिकर ने अड्याल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों की मांग है कि 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और मंदिर परिसर में स्थायी व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाए। फिलहाल जिला भंडारा पुलिस की विभिन्न टीमें जांच में जुटी हुई हैं और भावड सहित आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन शांत माहौल बना हुआ है।
