IND vs NZ: न्यूजीलैंड को धूल चटाने नागपुर पहुंची टीम इंडिया, पलक झपकते ही बुक हुए 45 हजार टिकट

India vs New Zealand Nagpur T20: नागपुर पहुंचे हार्दिक, बुमराह और सूर्या। 10 सेकंड में टिकट खत्म, 2 लाख की वेटिंग ने फैंस को किया मायूस। ब्लैक मार्केटिंग का डर।
India vs NZ T20 Nagpur: SKY, Hardik, Bumrah arrive in Nagpur.
नागपुर पहंची टीम इंडिया (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

VCA Jamtha Stadium Tickets: 21 जनवरी को नागपुर में होने वाले साल के पहले अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ियों का शनिवार को सिटी में पहुंचना शुरू हो गया। शाम को क्रिकेट के सितारे विभिन्न शहरों से हवाई जहाज से नागपुर पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट पर क्रिकेट प्रशंसक मौजूद रहे। शाम 6 से खिलाड़ियों का आना शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। सबसे पहले रवि बिश्नोई पहुंचे।

उनके बाद रिंकू सिंह, संजू सैमसन, ईशान किशन आए। कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंडया, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल 10 बजे के बाद पहुंचे। हालांकि इस दौरान वरुण चक्रवर्ती दिखाई नहीं दिए। ये सभी खिलाड़ी रविवार शाम को मैदान में प्रैक्टिस करेंगे। बाकी बचे खिलाड़ी व न्यूजीलैंड की टीम 19 जनवरी को नागपुर आएगी।

पलक झपकते ही लाखों की वेटिंग!

क्रिकेट के प्रति दीवानगी एक बार फिर नागपुर में देखने को मिली, जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच 21 जनवरी को खेले जाने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की टिकट बिक्री शुरू होते ही स्क्रीन पर महज 10 सेकंड में लाखों की वेटिंग का मैसेज आ गया। यह मुकाबला जामठा स्थित विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाना है, जिसे लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। शनिवार सुबह ठीक 10 बजे जैसे ही ऑनलाइन टिकट बिक्री का विकल्प खुला, वैसे ही लाखों क्रिकेट प्रेमी टिकट खरीदने के लिए ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमाटो’ प्लेटफॉर्म पर टूट पड़े। साल का पहला टी20 मुकाबला होने और भारत-न्यूजीलैंड जैसी हाई वोल्टेज सीरीज के कारण मांग उम्मीद से कहीं ज्यादा रही।

2 लाख की वेटिंग

हालत यह रही कि 45 हजार दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम की टिकट बुकिंग के दौरान 50 हजार से लेकर 2 लाख तक की वेटिंग दिखाई देने लगी, जिससे उनकी उम्मीदें टूट गईं। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे घंटों पहले लॉग इन होकर बैठे थे, लेकिन बुकिंग का मौका ही नहीं मिला। वहीं कुछ प्रशंसकों ने प्लेटफॉर्म की तकनीकी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

गौरतलब है कि नागपुर में अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हमेशा से दर्शकों के बीच खास आकर्षण रहे हैं। ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें जब आमने-सामने होंगी, तो जामठा स्टेडियम में खचाखच भीड़ और जबरदस्त माहौल देखने को मिलेगा। टिकट भले ही चंद मिनटों में बिक गए हों, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों का जुनून साफ बता रहा है कि यह मुकाबला यादगार होने वाला है।

टिकट के ब्लैक में बिकने की आशंका बढ़ी

टिकट महज कुछ सेकंड में ऑनलाइन खत्म होने के बाद अब ब्लैक में टिकट बिकने की आशंका गहराने लगी है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर ऊंचे दामों पर टिकट दिलाने के दावे सामने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ एजेंट टिकटों की अवैध बिक्री में सक्रिय हो गए हैं, जिससे वास्तविक क्रिकेट प्रेमियों को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। प्रशंसकों ने प्रशासन और आयोजकों से ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त नजर रखने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com