प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Chhatrapati Sambhajinagar Vaijapur Market: छत्रपति संभाजीनगर वैजापुर कृषि उपज बाजार समिति में मक्का नीलामी प्रक्रिया के दौरान व्यापारियों द्वारा मनमानी किए जाने और प्रशासन द्वारा उन्हें संरक्षण देने का आरोप किसानों ने लगाया है।
प्रति क्विंटल 100 से 120 रुपये के मूल्य में अंतर सामने आने के बाद भायगांव के किसान लक्ष्मण ठोंबरे ने अपना आक्रोश जताते हुए पांच ट्रैक्टर मक्का सीधे बाजार समिति कार्यालय परिसर में खड़े कर दिए, ठोंबरे द्वारा लाए गए लगभग 200 क्विंटल मक्का को व्यापारियों ने 1618 रुपये प्रति क्विंटल का भाव दिया, जबकि उसी दर्जे के अन्य 26 वाहनों को 1700 से 1736 रुपये तक का भाव मिला।
इसे अन्याय बताते हुए ठोंबरे के साथ मनोज नले, विजय अंभोरे, उमेश उशीर सहित अन्य किसानों ने सचिव प्रल्हाद मोटे और सहायक सचिव एस. के. निकम का घेराव किया।
प्रशासन ने शाम को पुनः निलामी कराने का प्रस्ताव दिया, लेकिन किसानों ने इसे अस्वीकार करते हुए ठीया आंदोलन शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि शासन द्वारा मक्का के लिए 2460 रुपये प्रति क्विंटल का गारंटी मूल्य घोषित होने के बावजूद व्यापारियों द्वारा कम मूल्य देकर किसानों की लूट की जा रही है।
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक संचालक मंडल ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक ट्रैक्टर नहीं हटाए जाएंगे। इस दौरान मनोज नले ने पूर्व सभापति के इस्तीफे को भी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए सवाल उठाए।
यह भी पढ़ें:-डीपी सड़क विवाद: पैठण रोड-देवलाई डीपी सड़क पर 36 मीटर मार्किंग का विरोध, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
प्रशासन के अनुसार, शनिवार को कुल 72 वाहनों में से 46 को 1400 से 1700 रुपये तक तथा 26 वाहनों को 1700 रुपये से अधिक का भाव मिला है।