महाराष्ट्र SSC Result 2026: संभाजीनगर का रिजल्ट 89.31%, सिल्लोड़ तहसील बनी जिले में अव्वल
SSC Results 2026: संभाजीनगर विभाग के कक्षा 10वीं के नतीजे घोषित हो गए हैं। जहां लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया है, वहीं सिल्लोड़ तहसील ने जिले में टॉप किया है। जानिए शहर का रिपोर्ट कार्ड।
- Written By: केतकी मोडक
सांकेतिक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
SSC Results 2026: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा के नतीजे शुक्रवार, 8 मई को ऑनलाइन घोषित कर दिए गए। राज्य का कुल परिणाम संतोषजनक रहा, लेकिन संभाजीनगर विभाग इस बार सबसे पीछे रहा। छत्रपति संभाजीनगर जिले का कुल परिणाम 89.31 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इस वर्ष भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।
सिल्लोड़ तहसील अव्वल, कन्नड़ सबसे पीछे
तहसीलवार परिणामों पर नजर डालें तो सिल्लोड़ तहसील 94.65 प्रतिशत के साथ जिले में प्रथम स्थान पर रही। इसके बाद सोयगाव 93.78 प्रतिशत के साथ दूसरे और छत्रपति संभाजीनगर तहसील 90.64 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रही। वहीं, कन्नड़ तहसील का प्रदर्शन सबसे कम रहा, जहां केवल 82.83 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। जिले में इस वर्ष कुल 67,747 विद्यार्थी पात्र थे, जिनमें से 67,403 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 60,202 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
नकल रोकने के लिए प्रशासन के कड़े कदम
इस बार परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए थे। उड़न दस्तों, सतर्कता दलों और रनर की नियुक्ति के कारण नकल पर काफी हद तक रोक लगाने में सफलता मिली। संभाजीनगर विभाग के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों (संभाजीनगर, जालना, बीड़, परभणी व हिंगोली) से कुल 1,86,598 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,84,940 परीक्षार्थियों में से 1,63,520 विद्यार्थी सफल रहे, जिससे पूरे विभाग का परिणाम 88.41 प्रतिशत रहा।
सम्बंधित ख़बरें
Breaking News: महाराष्ट्र TET परीक्षा स्थगित, पेपर लीक की आशंका के बाद शिक्षण विभाग का बड़ा फैसला
PMRDA के तहसील कार्यालयों की बदहाली उजागर, न सुविधाएं न अधिकारी; नागरिकों को मुख्यालय के लगाने पड़ रहे चक्कर
महाराष्ट्र में रोज 6 किसान दे रहे जान; रोहित पवार ने कर्जमाफी पर सरकार को घेरा, उद्धव ठाकरे पर कही ये बात
स्मार्ट मीटर की अफवाहों पर न दें ध्यान! नागपुर में लाखों घरों में लगे मीटर; मुख्य अभियंता राजेश नाईक की अपील
मनपा स्कूलों का प्रदर्शन और मेधावी छात्र
नगर निगम द्वारा संचालित 17 माध्यमिक विद्यालयों का परिणाम इस वर्ष 79.65 प्रतिशत रहा। मनपा स्कूलों से कुल 796 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 634 उत्तीर्ण हुए। स्कूलों में किराड़पुरा क्रमांक-1 ने सर्वाधिक 94.82 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया।
गुणवत्ता सूची में मुकुंदवाड़ी स्कूल की छात्रा गौरी जगताप ने 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। नारेगांव उर्दू स्कूल की हुमेरा जमीला (93.40%) दूसरे और हर्सेल स्कूल के प्रथमेश मादले (91.20%) तीसरे स्थान पर रहे। विशेष रूप से, सिडको एन-7 स्कूल की दिव्यांग छात्रा तनुजा रगडे ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष सफलता हासिल की है।
यह भी पढ़ें:- गड़चिरोली में बवाल, शादी में बजा नक्सली कमांडर हिडमा का गाना, 5 पर मामला दर्ज
विजेताओं का अभिनंदन और उज्ज्वल भविष्य की कामना
शानदार सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों का महापौर समीर राजूरकर, उपमहापौर राजेंद्र जंजाल और विपक्ष नेता समीर साजिद सहित अन्य पदाधिकारियों ने अभिनंदन किया। मनपा आयुक्त अमोल येड़गे और अतिरिक्त आयुक्त रणजीत पाटील ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिणाम घोषित होने के बाद शहर की मिठाई की दुकानों पर सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ देखी गई।
जिला उत्तीर्ण प्रतिशत
जिला प्रतिशत
संभाजीनगर 89.31
बीड़ 89.72
परभणी 90.02
जालना 85.90
हिंगोली 83.26
कुल 88.41
