Sambhajinagar Water Supply Project ( Source: Social Media )
Sambhajinagar Water Supply Project: छत्रपति संभाजीनगर शहर की नई जलापूर्ति योजना के तहत जॅकवेल से मुख्य जलवाहिनी में पानी भरने की प्रक्रिया मंगलवार को सफलतापूर्वक पूरी की गई।
दोपहर लगभग 1:20 बजे 3700 अश्वशक्ति का पंप शुरू कर जलवाहिनी में पानी प्रवाहित किया गया, जो शाम 7 बजे तक जारी रहा। इस दौरान करीब दो करोड़ लीटर पानी मुख्य जलवाहिनी में भरा गया और यह पानी संत एकनाथ सहकारी साखर कारखाने तक, यानी लगभग साढ़े तीन किलोमीटर दूरी तक पहुंच गया।
महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के विद्युत विभाग के कार्यकारी अभियंता तुषार टेकवडे ने बताया कि जलवाहिनी में एक निर्धारित स्तर तक पानी भरने का कार्य पूरा कर लिया गया है।
नई जलापूर्ति योजना के पहले चरण में 200 एमएलडी पानी लाने के उद्देश्य से गुढीपाड़वा के अवसर पर जायकवाड़ी बांध से सायफन पद्धति द्वारा पानी जॅकवेल में लाया गया था। जॅकवेल में जलस्तर 451 मीटर पर स्थिर रखने के बाद दो दिनों तक पानी का संचयन किया गया।
सोमवार रात को पंप की सफल परीक्षण प्रक्रिया के बाद मंगलवार को नियमित रूप से जलवाहिनी में पानी छोड़ा गया। हालांकि दोपहर में फिल्टर की पैकिंग ढीली होने के कारण कुछ समय के लिए पंप बंद करना पड़ा, लेकिन मरम्मत के बाद पुनः पंप शुरू कर दिया गया, कम दबाव में पानी छोड़ा गया ताकि जलवाहिनी की स्थिति की जांच की जा सके।
यह भी पढ़ें:-संभाजीनगर: रामनवमी से पहले प्रशासन सख्त, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान
जांच के दौरान कहीं भी लीकेज नहीं पाया गया। इस बीच पैठण से नक्षत्र वाड़ी के बीच जलवाहिनी की टेस्टिंग जारी है। इसके चलते मार्ग में आने वाले कारकोन, डोरकीन, बिडकीन और चितेगांव सहित अन्य गांवों के लोगों को ध्वनि प्रसारण के माध्यम से सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।