

Ram Navami Festival Preparation City Administration: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के प्रभाग क्रमांक 3 अंतर्गत रोशन गेट, शरीफ कॉलोनी, किराडपुरा राम मंदिर रोड से लेकर आजाद चौक तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इस दौरान कुल 32 अतिक्रमण धारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और सड़क को पूरी तरह साफ किया गया। 26 मार्च को रामनवमी के अवसर पर किराडपुरा स्थित राम मंदिर परिसर में बड़े पैमाने पर राम जन्मोत्सव आयोजित होता है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहले ही यह कार्रवाई की, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो, यातायात सुचारू बना रहे और किसी भी प्रकार की दुर्घटना या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। महानगरपालिका ने कार्रवाई से पहले अतिक्रमण धारकों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय और सूचना दी थी।
लेकिन सहयोग न करने वालों के खिलाफ जेसीबी मशीन की सहायता से कार्रवाई की गई। इस दौरान लोहे के शेड, टीन शेड, अस्थायी दुकानें, सब्जी विक्रेताओं के ठेले और खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए बनाई गई भट्टियों को हटाया गया।
रहमानिया कॉलोनी से आजाद चौक तक सड़क पर रखी निर्माण सामग्री जैसे रेत, सीमेंट, गिट्टी और ईंटों को हटाकर संबंधितों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई, साथ ही 10 बेवारिस चार पहिया वाहनों को टोइंग कर गरवारे क्रीड़ा संकुल मैदान में जमा किया गया।
राम मंदिर परिसर के आसपास बने अवैध ओटे हटाकर रास्ते को पूरी तरह खुला किया गया। इसके अलावा मौके पर अनुपस्थित पाए गए चार ऑटो चालकों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
खुले में मांस बिक्री करने वालों के शेड हटाकर उनका सामान जब्त किया गया और संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई। यह पूरी कार्रवाई महानगरपालिका आयुक्त जी. श्रीकात के निर्देश पर तथा अतिक्रमण नियंत्रण अधिकारी सतीष वाहुले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक बुधवंत, उपायुक्त सविता सोनवणे, सहायक आयुक्त शेख रफिक, संजय सुरडकर, सय्यद जमशेद तथा रविंद्र देसाई सहित जिसी पुलिस थाने के पुलिस कर्मचारी आगले, परदेशी और हनीफ तथा डीबी पथक के फिरोज शेख और अन्य पुलिसकर्मियों ने इस कार्रवाई में हिस्सा लिया।
मार्च एंड को सामने रखकर महानगरपालिका द्वारा बकाया कर वसूली के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। मनपा आयुक्त जी. श्रीकांत के निर्देश तथा अतिरिक्त आयुक्त अपर्णा पिपले और उप आयुक्त विकास नवाले के मार्गदर्शन में यह अभियान तेज किया गया है। कर बकाया न चुकाने वाले संपत्ति धारकों के खिलाफ नियम 42 और प्रावधान-1 के तहत सख्त कदम उठाते हुए 8 व्यावसायिक संपत्तियों को सील किया गया, जोन क्रमांक 5 और 4 के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।
बता दें कि मनपा आयुक्त के निर्देश पर बकाएदारों में मुख्य रूप से शहर निवासी अनंता बाघ (11,00,089), शेख मनन शेख करीम (2,96,000), खलील खान गोरे खान (2,62,978) और शेख शकील अब्दुल वहीद (90,378) सहित बकाया राशि वसूली के लिए संपत्तियों को सील किया गया।
इसके अलावा अमानत खान शफी खान, ठाकुर किशनराव शाह, अमर खान अमीर खान पठाण और संजय नारायण बामले की दुकानों पर भी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की वसूली लंबित पाई गई।
महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि मार्च माह में वसूली लक्ष्य पूर्ण करने हेतु शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन भी कार्यालय खुले रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय पर कर भुगतान कर कार्रवाई से बचें। अब तक 59 व्यावसायिक संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए कुल 8।36 करोड़ रुपए से अधिक बकाया वसूली प्रक्रिया में लाई गई है।