संभाजीनगर मनपा का बड़ा एक्शन, अक्टूबर से हटेगा अतिक्रमण, सड़क चौड़ीकरण की जद में आएंगी 1,040 संपत्तियां
Sambhajinagar Road Widening: छत्रपति संभाजीनगर मनपा अक्टूबर से शुरू करेगी सड़क चौड़ीकरण का दूसरा चरण। चंपा चौक, औरंगपुरा और पैठण रोड समेत 6 प्रमुख मार्गों की 1,040 संपत्तियों पर चलेगा पीला पंजा।
- Written By: गोरक्ष पोफली
अतिक्रमण हटाओ मुहिम की प्रतिकात्मक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
Sambhajinagar Municipal Corporation Road Widening Encroachment Drive: छत्रपति संभाजीनगर शहर की बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने सड़क चौड़ीकरण अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी है। बारिश के मौसम में आवासीय निर्माणों पर कार्रवाई पर सरकारी प्रतिबंध होने के कारण फिलहाल ध्वस्तीकरण नहीं किया जा रहा है, लेकिन छह प्रमुख मार्गों पर स्थित लगभग 1,040 प्रभावित संपत्तियों के सीमांकन, माप-जोख और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही अक्टूबर से अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण का अभियान शुरू कर दिया जाए।
महानगरपालिका अधिकारियों के अनुसार दूसरे चरण में शामिल सभी मार्गों पर प्रभावित संपत्तियों का सीमांकन किया जा रहा है। संपत्ति मालिकों को नियमानुसार नोटिस दिए जा रहे हैं, ताकि बारिश समाप्त होने के बाद बिना किसी प्रशासनिक या कानूनी बाधा के कार्रवाई शुरू की जा सके। हाल ही में महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
पहले चरण के बाद अब नए मार्गों की बारी
मनपा ने इससे पहले तत्कालीन आयुक्त जी. श्रीकांत के कार्यकाल में सड़क चौड़ीकरण के पहले चरण के अंतर्गत कई मार्गों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इसके बाद संबंधित सड़कों के विकास के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन राज्य सरकार को भेजा गया। इनमें से पडेगांव मार्ग का निर्माण कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से जारी है, जबकि अन्य परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
भारी बारिश को लेकर संभाजीनगर मनपा प्रशासन अलर्ट, महापौर और आयुक्त ने किया आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण
पुणे में खाकी की गुंडागर्दी! सब इंस्पेक्टर ने कैफे में की तोड़फोड़ और बदसलूकी VIDEO देख भड़के नेटिजन्स
Mumbai-Amritsar Express में लगी भीषण आग! जलगांव स्टेशन पर मची भगदड़, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
छत्रपति संभाजीनगर मनपा की बड़ी कार्रवाई! टैक्स न भरने वालों की संपत्ति जब्त, मात्र 3 महीने में वसूले 67 करोड़
पुराने विकास प्रारूप के अनुसार ही होगी सड़क चौड़ी
हाल ही में स्वीकृत विकास प्रारूप में कुछ सड़कों की प्रस्तावित चौड़ाई कम किए जाने के बावजूद महानगरपालिका पुराने विकास प्रारूप के अनुसार ही सड़क चौड़ीकरण कराने के पक्ष में है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले वर्षों में शहर की बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को देखते हुए पहले से निर्धारित चौड़ाई ही व्यावहारिक और दीर्घकालिक समाधान साबित होगी। इसके लिए आम सभा में प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भेजने की तैयारी की जा रही है।
इन छह प्रमुख मार्गों पर होगी कार्रवाई
दूसरे चरण के तहत चंपा चौक से जालना रोड, पैठण रोड से राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय मार्ग, हर्सूल गांव मार्ग, रेणुका माता कमान से अहिल्यादेवी होलकर चौक, जय भवानी नगर चौक से 13 योजना मार्ग तथा औरंग पुरा से नवाब पुरा मार्ग पर कार्रवाई प्रस्तावित है।
इन मार्गों पर कुल लगभग 1,040 संपत्तियां प्रभावित होंगी। इनमें औरंगपुरा से नवाबपुरा मार्ग पर सबसे अधिक 450 संपत्तियां, चंपा चौक से जालना रोड तथा जयभवानी नगर चौक से 13 योजना मार्ग पर 150-150, हर्सूल गांव मार्ग पर 130, पैठण रोड से राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय मार्ग पर 90 तथा रेणुका माता कमान से अहिल्यादेवी होलकर चौक मार्ग पर 70 संपत्तियां कार्रवाई की जद में हैं।
यह भी पढ़ें: भारी बारिश को लेकर संभाजीनगर मनपा प्रशासन अलर्ट, महापौर और आयुक्त ने किया आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण
बारिश के दौरान केवल कानूनी प्रक्रिया पर रहेगा जोर
अतिक्रमण हटाने वाले नियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुले ने बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार वर्षा ऋतु में आवासीय निर्माणों को नहीं हटाया जा सकता। इसलिए इस अवधि में सीमांकन, अभिलेखों की जांच और नोटिस जारी करने जैसी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है। बारिश समाप्त होते ही आयुक्त के निर्देशानुसार सड़क चौड़ीकरण अभियान युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा।
भविष्य की जरूरतों पर प्रशासन का फोकस
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को कम करना, दुर्घटनाओं की संभावना घटाना और भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं के अनुरूप मजबूत आधारभूत संरचना विकसित करना है। प्रशासन का दावा है कि दूसरे चरण की कार्रवाई पूरी होने के बाद कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
