छत्रपति संभाजीनगर मनपा की बड़ी कार्रवाई! टैक्स न भरने वालों की संपत्ति जब्त, मात्र 3 महीने में वसूले 67 करोड़

Chhatrapati Sambhajinagar Tax Collection: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले तीन महीनों में 67.72 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड टैक्स वसूली की है।
Chhatrapati Sambhajinagar Property And Water Tax Collection
छत्रपति संभाजीनगर मनपा (फाइल फोटो, सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Property And Water Tax Collection: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ ही संपत्ति कर और जलकर वसूली अभियान को तेज कर दिया है। नागरिकों के सकारात्मक सहयोग और प्रशासन की सख्त कार्रवाई के चलते 30 जून 2026 तक दोनों मदों में कुल 67.72 करोड़ रुपये की वसूली दर्ज की गई है। इस वर्ष पहली बार जून माह में बकायेदारों के विरुद्ध विशेष जब्ती अभियान चलाकर विभिन्न संपत्तियां जब्त की गईं, जिसका कर वसूली पर सकारात्मक प्रभाव दिखाई दिया।

संपत्ति कर से 60.01 करोड़, जलकर से 7.72 करोड़ रुपये प्राप्त

छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के अनुसार 30 जून तक 64,497 संपत्ति धारकों ने संपत्ति कर के रूप में 60.01 करोड़ रुपये जमा किए, जबकि लगभग 20 हजार उपभोक्ताओं ने जलकर के रूप में 7.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया। पिछले वर्ष इसी अवधि में 60,800 नागरिकों ने 59.95 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया था। इस वर्ष करदाताओं की संख्या और कुल वसूली दोनों में वृद्धि दर्ज की गई है।

एक ही दिन में 2.37 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड वसूली

30 जून को महानगरपालिका ने एक ही दिन में 2.37 करोड़ रुपये की वसूली की। इसमें 2.24 करोड़ रुपये संपत्ति कर तथा 13 लाख रुपये जलकर के रूप में प्राप्त हुए। प्रशासन का कहना है कि सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के समन्वित प्रयासों और विशेष अभियान के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई।

जोन-5 सबसे आगे, जोन-7 दूसरे और जोन-9 तीसरे स्थान पर

जोनवार कर वसूली में जोन-5 ने 12.05 करोड़ रुपये की वसूली के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। जोन-7 ने 10.21 करोड़ रुपये के साथ दूसरा तथा जोन-9 ने 8.10 करोड़ रुपये की वसूली के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके अलावा जोन-8 में 7.74 करोड़ रुपये, जोन-2 में 6.29 करोड़ रुपये, जोन-4 में 5.49 करोड़ रुपये, जोन-1 में 5.14 करोड़ रुपये, जोन-6 में 5.04 करोड़ रुपये, जोन-10 में 3.02 करोड़ रुपये तथा जोन-3 में 2.62 करोड़ रुपये की वसूली दर्ज की गई।

वसूली वृद्धि में जोन-10 और जोन-3 ने मारी बाजी

पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि प्रतिशत के आधार पर जोन-10 ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 48.44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। इसके बाद जोन-3 में 43.05 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं जोन-1 में 12.86 प्रतिशत, जोन-2 में 6.19 प्रतिशत तथा जोन-6 में 1.61 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

जोनवार कर वसूली

रैंक जोन कर वसूली
1 जोन-5 12.05 करोड़ रुपए
2 जोन-7 10.21 करोड़ रुपए
3 जोन-9 8.10 करोड़ रुपए
4 जोन-8 7.74 करोड़ रुपए
5 जोन-2 6.29 करोड़ रुपए
6 जोन-4 5.49 करोड़ रुपए
7 जोन-1 5.14 करोड़ रुपए
8 जोन-6 5.04 करोड़ रुपए
9 जोन-10 3.02 करोड़ रुपए
10 जोन-3 2.62 करोड़ रुपए

बकायेदारों पर कार्रवाई रहेगी जारी

छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया संपत्ति कर और जलकर की वसूली के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों को विभिन्न ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से कर जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बकाया कर जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध जब्ती सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी आगे जारी रहेगी।

आयुक्त और महापौर ने की समय पर कर जमा करने की अपील

महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने नागरिकों से अपील की है कि वे बकाया संपत्ति कर और जलकर का शीघ्र भुगतान कर शहर के विकास कार्यों में सहयोग करें। वहीं महापौर समीर राजूरकर ने कहा कि निर्धारित राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी जोन कार्यालयों के माध्यम से विशेष योजना के तहत कर वसूली अभियान को और अधिक गति दी जाएगी तथा आने वाले महीनों में वसूली में और वृद्धि होने की उम्मीद है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com