छत्रपति संभाजीनगर: सुखना नदी का होगा कायाकल्प! मनपा आयुक्त अमोल एडके ने दिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश
Chhatrapati Sambhajinagar मनपा आयुक्त अमोल एडके ने सुखना नदी पुनर्जीवन परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी से अतिक्रमण हटाने, ड्रेनेज रोकने और विश्व पर्यावरण दिवस पर महा-वृक्षारोपण के निर्देश दिए।
- Written By: आकाश मसने
छत्रपति संभाजीनगर में निरीक्षण करते मनपा आयुक्त अमोल एडके (फोटो नवभारत)
Chhatrapati Sambhajinagar Sukhna River Encroachment Removal Drive: छत्रपति संभाजीनगर शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली सुखना नदी के दिन अब बहुरने वाले हैं। मनपा आयुक्त अमोल एडके ने मंगलवार को सुखना नदी पुनर्जीवन परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नदी के मूल स्वरूप को बहाल करने के लिए सभी अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं और किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त अमोल एडके ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुखना नदी के किनारों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को अभी से तैयारी शुरू करने और व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि नदी क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन मजबूत किया जा सके।
ड्रेनेज का पानी नदी में छोड़ने पर रोक लगाने कहा
निरीक्षण के दौरान छत्रपति संभाजीनगर मनपा आयुक्त अमोल एडके ने नदी में बह रहे दूषित और दुर्गंधयुक्त पानी पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि यह गंदा पानी औद्योगिक क्षेत्रों से आ रहा है, तो तत्काल महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के साथ समन्वय स्थापित कर इस पर रोक लगाई जाए। साथ ही, जहां-जहां से नागरिकों द्वारा ड्रेनेज का पानी सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है, वहां भी तुरंत कार्रवाई करते हुए इस प्रवाह को बंद करने के आदेश दिए।
सम्बंधित ख़बरें
पहले मंत्री बनाओ, फिर करेंगे विलय, बच्चू कडू की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शिंदे के ऑफर पर दिया नया फॉर्मूला
नागपुर मनपा में करोड़ों का कचरा घोटाला? कांग्रेस पार्षद के आरोपों से हड़कंप, बड़े अधिकारी रडार पर
अल-नीनो का असर: मुंबई में पानी कटौती की तैयारी, 1 मई से हो सकती है लागू
कोंकण जाने वालों के लिए खुशखबरी: गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का तोहफा, दिवा-चिपलुन के बीच 36 स्पेशल ट्रेनें
यह भी पढ़ें:- Vidarbha Weather Update: नागपुर में 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अमरावती सबसे गर्म शहर, जानें लेटेस्ट अपडेट
सुखना नदी का प्रदूषण रोकने पर जोर
छत्रपति संभाजीनगर मनपा आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सुखना नदी का प्रदूषण रोकना और उसे स्वच्छ बनाना मनपा की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर परिणाम देने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मनपा आयुक्त के साथ शहर अभियंता संजय कोंबडे, मुख्य उद्यान अधिकारी तथा सुखना नदी पुनर्जीवन परियोजना प्रमुख विजय पाटील, उपायुक्त एवं घनकचरा प्रबंधन विभाग प्रमुख नंदकिशोर भोंबे, उपायुक्त अतिक्रमण निष्कासन विभाग सविता सोनवणे तथा विशेष कार्य अधिकारी जयवंत कुलकर्णी उपस्थित थे।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
