Vidarbha Weather Update: नागपुर में 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अमरावती सबसे गर्म शहर, जानें लेटेस्ट अपडेट

Vidarbha Heatwave Alert: विदर्भ में भीषण गर्मी का कहर जारी है, जहां अमरावती 46.6°C के साथ सबसे गर्म रहा। नागपुर में पारा 45°C पार कर गया है, हालांकि अब तीन दिनों तक बारिश की राहत मिलने वाली है।
Vidarbha Heatwave Alert
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Heatwave In Vidarbha: महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में सूर्यदेव के कड़े तेवर ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज करने के बाद, सोमवार को भी नागपुर में गर्मी का सितम कम नहीं हुआ। मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 45.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। रातें भी राहत नहीं दे रही हैं, क्योंकि न्यूनतम तापमान भी 27.2°C तक जा पहुंचा है।

सोमवार शाम को हालांकि मौसम ने थोड़ी करवट ली और शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। लेकिन इस हल्की बारिश ने राहत देने के बजाय बोनस उमस पैदा कर दी, जिससे लोग पसीने से तर-बतर नजर आए।

विदर्भ में अमरावती रहा सबसे गर्म

सिर्फ नागपुर ही नहीं, बल्कि पूरा विदर्भ हीटवेव की चपेट में है। अब तक अकोला शहर देश में टॉप पर था, लेकिन सोमवार को अमरावती पूरे संभाग में सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.6°C रिकॉर्ड किया गया।

विदर्भ में शहरवार अधिकतम तापमान

शहर तापमान (°C)
अमरावती 46.6
अकोला 46.3
वर्धा 46.5
भंडारा 42.0
बुलढाना 43.6
ब्रम्हपुरी 43.4
चंद्रपुर 45.2
गड़चिरोली 43.2
गोंदिया 41.0
वाशिम 44.4
यवतमाल 45.2

Vidarbha Weather Update: अगले 3 दिन बरसेंगे बदरा

भीषण गर्मी झेल रहे विदर्भवासियों के लिए राहत भरी खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 28 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागपुर शहर का मिजाज बदलेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आगामी दिनों का पूर्वानुमान

  • 1 और 2 मई: आसमान साफ रहेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
  • 3 मई: एक बार फिर आंशिक रूप से बादल छाने की उम्मीद है।
  • तापमान: बारिश के चलते अधिकतम तापमान 43-44°C और न्यूनतम तापमान 23-26°C के बीच रहने का अनुमान है।
  • डॉक्टरों ने इस बदलती परिस्थितियों में डिहाइड्रेशन से बचने और दोपहर के समय बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की सलाह दी है।

गर्मी से बचाव के लिए क्या करें?

  • टोपी पहनें, रुमाल का इस्तेमाल करें, या छाता साथ रखें।
  • दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच घर के अंदर ही रहें।
  • सीधी धूप को अपने घर में आने से रोकें।
  • खूब सारा पानी पिएं। छाछ, नींबू पानी और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।

क्या न करें

  • धूप में ज़्यादा मेहनत वाले शारीरिक काम करने से बचें।
  • दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें।
  • दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच खाना बनाने से बचें।
  • धूप में नंगे पैर या बिना जूते-चप्पल पहने न चलें।
  • छोटे बच्चों या पालतू जानवरों को कभी भी बंद इंजन वाली खड़ी गाड़ी के अंदर अकेला न छोड़ें।
  • शराब, चाय, कॉफ़ी, मीठे पेय और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन करने से बचें।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com