Chhatrapati Sambhajinagar Water Supply ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Chhatrapati Sambhajinagar Water Supply: छत्रपति संभाजीनगर शहर में ग्रीष्मकालीन मौसम में पेयजल आपूर्ति को लेकर निर्माण पानी की किल्लत को ध्यान में रखते हुए मनपा प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
शहर को पानी उपलब्ध कराने वाली पुरानी 700 मिमी व्यास की पाइपलाइन को बंद कर उसकी जगह 900 मिमी व्यास की नई जलवाहिनी को पूर्ण क्षमता के साथ चालू करने की तैयारी की जा रही है।
इस बदलाव के बाद शहर को लगभग 12 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलने की संभावना है। इससे गर्मी के मौसम में पानी की कमी को कम करने में मदद मिलेगी।
मनपा ने शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने के लिए पाइपलाइनों की क्षमता का विस्तृत आकलन किया। जांच में पाया गया कि लंबे समय से उपयोग में आ रही 700 मिमी पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है।
इसी कारण अब अधिक क्षमता वाली 900 मिमी पाइपलाइन को पूरी क्षमता के साथ शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इससे शहर में पानी की उपलब्धता बढ़ने के साथ वितरण व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है।
जायकवाडी बांध से 422 हॉर्स पावर क्षमता के पंप की सहायता से १०० मिमी पाइपलाइन के माध्यम से पानी उठाकर शहर तक लाया जाएगा। इसके बाद इस पानी को फारोला स्थित जल शुद्धीकरण केंद्र में प्रक्रिया के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आपूर्ति की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इससे जल आपूर्ति अधिक स्थिर और व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी।
वर्तमान में शहर को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगभग 150 से 160 एमएलडी पानी उपलब्ध हो रहा है। इसमें 100 एमएलडी योजना से 95 से 98 एमएलडी, 900 मिमी पाइप लाइन से लगभग 26 एमएलडी तथा 700 मिमी पाइयलाइन से 30 से 35 एमएलडी पानी मिल रहा है।
यह भी पढ़ें:-अवैध गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट सख्त: 24 घंटे हिरासत में रखना पड़ा महंगा; वकील को 75 हजार मुआवजा देने का आदेश
नई व्यवस्था लागू होने के बाद 900 मिमी पाइपलाइन से लगभग 72 एमएलडी पानी मिलने की संभावना है, जिससे कुल जल आपूर्ति बढ़कर 170 से 172 एमएलडी तक पहुंच सकती है। इसके अलावा पाइपलाइन पर जुड़े कुछ ग्राम पंचायतों के कनेक्शन पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।