छत्रपति संभाजीनगर: दिनदहाड़े 15 लाख की चोरी, बदमाशों पर रोक लगाने में विफल साबित हो रही पुलिस
Chhatrapati Sambhajinagar Crime: छत्रपति संभाजीनगर के मयूर पार्क क्षेत्र में दिनदहाड़े एक उद्यमी के घर से 15 लाख रुपये की नकदी चोरी होने की घटना सामने आई है।
- Written By: आंचल लोखंडे
Chhatrapati Sambhajinagar theft (सोर्सः सोशल मीडिया)
Chhatrapati Sambhajinagar Theft: मयूर पार्क स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। पुलिस के तमाम दावों के बावजूद शहर और आसपास के क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटनाक्रम में अज्ञात चोरों ने एक उद्यमी के घर को निशाना बनाकर 15 लाख रुपये की नकदी चुरा ली। यह घटना 10 फरवरी को सुबह 10:45 बजे से दोपहर 3:15 बजे के बीच हुई। इस मामले में हर्सूल पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मयूर पार्क स्थित हरसिद्धि हाउसिंग सोसायटी निवासी अशोक देवीदासराव जगधने (62) एमआईडीसी वालूज क्षेत्र में ‘पार्वती इंडस्ट्री’ नामक कंपनी संचालित करते हैं। घटना के दिन उनका पुत्र स्कूल गया था और पत्नी पंचायत समिति में ड्यूटी पर थीं। सुबह 10:45 बजे जगधने घर पर ताला लगाकर कंपनी चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट और घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लकड़ी की अलमारी के लॉकर में रखी नकदी चुरा ली।
घरेलू सहायिका ने उजागर की घटना
दोपहर 3:15 बजे घरेलू सहायिका वंदना पगारे घर का काम करने पहुंचीं। दरवाजा खटखटाने पर भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने पड़ोसियों और घर की बेटी को बुलाया। दरवाजा खुला मिला और घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का लॉकर टूटा हुआ पाया गया, जिससे चोरी की घटना का पता चला।
सम्बंधित ख़बरें
ठाकरे सेना को एक और तगड़ा झटका? हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर पहुंचे शिंदे के ‘नंदनवन’ आवास
NCP को लगेगा अब तक का सबसे बड़ा झटका? भाजपा में शामिल होंगे 40 लोग, कांग्रेस के बयान से मचा हड़कंप
गले में प्याज की माला पहन समृद्धि महामार्ग पर उतरे अंबादास दानवे, टायर जलाकर रोका रास्ता, जानें क्या है मांगे?
खामगांव में जल संकट की आशंका, प्रशासन अलर्ट, नागरिकों से पानी बचाने की अपील
सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए
सूचना मिलने पर अशोक जगधने घर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद 15 लाख रुपये की नकदी चोरी होने का खुलासा हुआ। चोरी गई राशि में मित्र से उधार लिए गए 5 लाख रुपये, एक चिकित्सक से लिए गए 3 लाख रुपये और स्वयं के 7 लाख रुपये शामिल हैं। मामले की जांच उपनिरीक्षक सचिन पागोटे कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
वाहन लेकर भी फरार हुए बदमाश
शहर और आसपास के क्षेत्रों में पहले केवल दोपहिया वाहन चोरी होते थे, लेकिन अब चोर बड़े वाहनों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों से 3 कारें, 1 ऑटो रिक्शा और 2 मोटरसाइकिलें चोरी हो गईं।इन मामलों में उस्मानपुरा पुलिस थाना, सिडको, जवाहर नगर, एमआईडीसी वालूज और सिटी चौक पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
ये भी पढ़े: संभाजीनगर की नई जल योजना अंतिम चरण में, जायकवाड़ी से जैकवेल तक पहुंचा पानी; गाद सफाई जारी
उस्मानपुरा के ज्योति नगर स्थित एक अपार्टमेंट की पार्किंग से एक कार, सिंधी कॉलोनी से एक कार और बजाजनगर क्षेत्र से एक अन्य कार चोरी कर ली गई। वहीं, जय भवानी नगर से एक बाइक, प्रताप चौक क्षेत्र से दूसरी बाइक और एमजीएम अस्पताल के दूसरे प्रवेश द्वार के सामने से भी एक दोपहिया वाहन चोरी होने की घटना सामने आई है। इसके अलावा, सिटी चौक क्षेत्र के बारूदगर नाला इलाके से 9 फरवरी की मध्यरात्रि में एक ऑटो रिक्शा चोरी कर लिया गया। लगातार बढ़ती इन घटनाओं से नागरिकों में भय और असंतोष का माहौल है।
