अमरावती के बेलोरा एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी रात की उड़ानें; लाइटिंग और नेविगेशन का काम पूरा
Amravati Belora Airport: अमरावती के बेलोरा विमानतल पर नाइट लैंडिंग की अधिकांश तकनीकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अब रात में विमान सेवाएं शुरू करने के लिए DGCA की अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
- Written By: अंकिता पटेल
बेलोरा विमानतल, अमरावती, नाइट लैंडिंग,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Amravati Night Flight Operations: अमरावती जिले के स्थानीय बेलोरा विमानतल से जल्द ही रात में भी विमान सेवाएं शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। नाइट लैंडिंग और टेकऑफ के लिए आवश्यक सभी प्रमुख तकनीकी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। रनवे पर अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम स्थापित कर दिया गया है, वहीं डीवीओआर नेविगेशन प्रणाली का कार्य भी पूर्ण होकर उसकी सफल परीक्षण प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब इंतजार है तो सिर्फ नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की अंतिम मंजूरी का।
मिली जानकारी के अनुसार, विमानों को सुरक्षित दिशा-निर्देशन और रात में संचालन के लिए आवश्यक उपकरणों की स्थापना के बाद अब अंतिम मंजूरी का इंतजार है। तकनीकी जांच और निरीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। हालांकि, रात्रि विमान संचालन शुरू करने के लिए आवश्यक अनुमति अभी तक नहीं मिली है।
महाराष्ट्र विमानतल विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, एयर इंडिया द्वारा इस संबंध में लगातार नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के समक्ष फॉलोअप किया जा रहा है। कुछ औपचारिक और तकनीकी प्रक्रियाएं शेष हैं, जिनके पूर्ण होते ही नाइट ऑपरेशन का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
मीरा-भाईंदर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर सवाल, 557 योजनाओं में सिर्फ 13 का हुआ नवीनीकरण
भंडारा में 11वीं एडमिशन संकट बरकरार, तकनीकी समस्या से दूसरी मेरिट सूची पर रोक
उद्धव की बैठक में गैरहाजिर एकनाथ शिंदे के मंत्री के पास हाजिरी, शिवसेना UBT सांसद को लेकर तेज हुई चर्चा
चंद्रपुर मनपा: कांग्रेस में बगावत, 16 पार्षदों ने की गुट नेता राजेश अडूर को हटाने की तैयारी, वडेट्टीवार को झटक
टेक्सटाइल पार्क सहित औद्योगिक निवेश बढ़ेगे
बेलोरा एयरपोर्ट से रात में उड़ानों की सुविधा शुरू होने पर अमरावती को बड़ा फायदा होगा, पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क सहित औद्योगिक निवेश बढ़ने के कारण व्यावसायिक यात्राओं में तेजी आएगी। वर्तमान में मुंबई अथवा अन्य महानगरों के लिए रात में यात्रा करने वाले लोगों को नागपुर एयरपोर्ट का सहारा लेना पड़ता है। नाइट फ्लाइट सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय, खर्च और अतिरिक्त यात्रा की परेशानी कम होगी।
यह भी पढ़ें:- 16 जून का इतिहास: दुनिया की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री बनीं वैलेनटीना तेरेशकोवा
उद्योग, व्यापार व राजनीतिक लोगों को लाभ
उद्योग, व्यापार, प्रशासन और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। अब अमरावती वासियों की नजर डीजीसीए की अंतिम मंजूरी पर टिकी है, जिसके बाद बेलोरा एयरपोर्ट से 24 घंटे विमान सेवा का सपना साकार हो सकेगा।
