बेलोरा एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइट की तकनीकी तैयारियां पूरी, DGCA की मंजूरी का इंतजार

Amravati Airport: अमरावती के बेलोरा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग और टेकऑफ के लिए आवश्यक तकनीकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। रनवे लाइटिंग सिस्टम और डीवीओआर नेविगेशन प्रणाली का सफल परीक्षण भी संपन्न हो गया।
belora airport night flight dgca approval amravati
Amravati Airport (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Amravati Night Flight Service: स्थानीय बेलोरा विमानतल से जल्द ही रात में भी विमान सेवाएं शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। नाइट लैंडिंग और टेकऑफ के लिए आवश्यक सभी प्रमुख तकनीकी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। रनवे पर अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम स्थापित कर दिया गया है, वहीं डीवीओआर नेविगेशन प्रणाली का कार्य भी पूर्ण होकर उसकी सफल परीक्षण प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब इंतजार है तो सिर्फ नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की अंतिम मंजूरी का।

मिली जानकारी के अनुसार, विमानों को सुरक्षित दिशानिर्देशन और रात में संचालन के लिए आवश्यक उपकरणों की स्थापना के बाद अब अंतिम मंजूरी का इंतजार है। तकनीकी जांच और निरीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। हालांकि, रात्रि विमान संचालन शुरू करने के लिए आवश्यक अनुमति अभी तक नहीं मिली है। महाराष्ट्र विमानतल विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, एयर इंडिया द्वारा इस संबंध में लगातार नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के समक्ष फॉलोअप किया जा रहा है। कुछ औपचारिक और तकनीकी प्रक्रियाएं शेष हैं, जिनके पूर्ण होते ही नाइट ऑपरेशन का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।

टेक्सटाइल पार्क सहित औद्योगिक निवेश बढ़ेंगे

बेलोरा एयरपोर्ट से रात में उड़ानों की सुविधा शुरू होने पर अमरावती को बड़ा फायदा होगा। पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क सहित औद्योगिक निवेश बढ़ने के कारण व्यावसायिक यात्राओं में तेजी आएगी। वर्तमान में मुंबई अथवा अन्य महानगरों के लिए रात में यात्रा करने वाले लोगों को नागपुर एयरपोर्ट का सहारा लेना पड़ता है। नाइट फ्लाइट सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय, खर्च और अतिरिक्त यात्रा की परेशानी कम होगी।

उद्योग, व्यापार व राजनीतिक लोगों को लाभ

उद्योग, व्यापार, प्रशासन और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। अब अमरावती वासियों की नजर डीजीसीए की अंतिम मंजूरी पर टिकी है, जिसके बाद बेलोरा एयरपोर्ट से 24 घंटे विमान सेवा का सपना साकार हो सकेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com