अमरावती: खेतों से केबल और स्प्रिंकलर चुराने वाला गिरोह गिरफ्तार, LCB ने सुलझाए 11 मामले, 2.30 लाख का माल जब्त
एलसीबी ने अमरावती में केबल और स्प्रिंकलर चोर गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया, 11 चोरी के मामले सुलझाए।
Amravati LCB Action News: अमरावती जिले में किसानों को निशाना बनाकर केबल और स्प्रिंकलर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एलसीबी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 26 किलो तांबा और 32 स्प्रिंकलर बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से विभिन्न थानों में दर्ज 11 चोरी के मामले सुलझ गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जिले में मोटर पंप, केबल और स्प्रिंकलर चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने एलसीबी को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
18 मार्च 2026 को एलसीबी टीम को सूचना मिली कि लाल रंग के मालवाहक ऑटो में दो व्यक्ति चोरी के केबल जलाकर निकाला गया तांबा बेचने के लिए तलेगांव से तिवसा की ओर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने तिवसा-तलेगांव रोड पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
सम्बंधित ख़बरें
अमरावती में दर्दनाक हादसा: पुसली बांध में डूबने से तीन मासूम भाई-बहनों की मौत
धुले डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा, तांत्रिक ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को उतारा मौत के घाट
नाफेड की चना खरीद अवधि बढ़ाई जाए, सांसद काले ने पालकमंत्री बावनकुले से की मांग
महाडायलिसिस योजना बनी किडनी मरीजों के लिए वरदान, अमरावती के 8 सरकारी अस्पतालों में शुरू है सेवा
तलाशी के दौरान 26 किलो तांबा तार और 32 स्प्रिंकलर बरामद किए गए। पुलिस ने देवराव शंकरराव धुर्वे (41) और शरीफ अब्दुल खान (21), दोनों निवासी तलेगांव (आष्टी, वर्धा) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे खेतों से केबल चोरी कर उन्हें जलाकर तांबा निकालते थे और स्प्रिंकलर भी चुराते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से तांबा, स्प्रिंकलर, एक मोटरसाइकिल और तीन पहिया मालवाहक वाहन सहित कुल 2.30 लाख रुपये का माल जब्त किया।
इन थानों के मामले सुलझे
इस कार्रवाई से तिवसा थाने के 6, चांदूर रेलवे के 2, कुर्हा, मंगरुल दस्तगीर और दत्तापुर थाना क्षेत्र के 1-1 मामले सहित कुल 11 अपराध उजागर हुए हैं।
आरोपियों को आगे की जांच के लिए तिवसा पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना जताई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत के मार्गदर्शन में एलसीबी प्रमुख किरण वानखड़े व टीम ने की।
