नरनाला महोत्सव-2026: वन्यजीव जनजागृति, साहसिक गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम
Narnala Festival 2026: नरनाला महोत्सव-2026 अकोला में 30 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें वन्यजीव जनजागृति, जंगल सफारी, साहसिक गतिविधियाँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे।
- Written By: आंचल लोखंडे
Narnala Festival 2026 (सोर्सः सोशल मीडिया)
Akola Wildlife Festival: मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प, अकोट वन्यजीव विभाग तथा जिलाधिकारी कार्यालय, अकोला के संयुक्त तत्वावधान में नरनाला महोत्सव-2026 का आयोजन 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य वनों और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जनजागृति फैलाना, नागरिकों में वन्यजीवों के प्रति अपनापन व संवेदनशीलता विकसित करना तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
महोत्सव के दौरान निसर्ग निर्वाचन संकुल, शहानुर में अनेक साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें जंगल सफारी, ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग, रैपलिंग, ज़ॉर्बिंग रोलर, बोटिंग तथा ज़ॉर्बिंग वॉटर बॉल शामिल हैं। सभी साहसिक गतिविधियों का संचालन राष्ट्रीय व्याघ्र संवर्धन प्राधिकरण (NTCA) के मार्गदर्शन एवं नियमों के अनुसार किया जाएगा। जंगल सफारी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण safaribooking.mahaforest.gov.in पोर्टल पर शुरू हो चुका है।
प्रतियोगिताएं निशुल्क होंगी
साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें मैराथन, साइक्लाथॉन, चित्रकला प्रतियोगिता, पाककला प्रतियोगिता, वन्यजीव छायाचित्र प्रतियोगिता, वीडियो रील्स प्रतियोगिता तथा नृत्य प्रतियोगिता शामिल हैं। सभी प्रतियोगिताएं निशुल्क होंगी और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण narnalafest.in पोर्टल पर उपलब्ध है।
सम्बंधित ख़बरें
वाशिम में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, मतदाता सूची अभियान में तेजी
Akola News: आरक्षण के उपवर्गीकरण पर अकोला में मंथन, आंबेडकर के विचारों पर दिया गया जोर
Akola News: महाराष्ट्र सरकार का बड़ा कदम, नकली बीज बेचने वाली कंपनियों पर होगी सख्त कार्रवाई
शेगांव में आईसीएआई ‘ज्ञान उदय’ परिषद का शुभारंभ, नितिन गडकरी ने किया ऑनलाइन उद्घाटन
जंगल सफारी और निवास व्यवस्था की सुविधाएं उपलब्ध
महोत्सव के सफल आयोजन हेतु अकोट वन्यजीव विभाग तथा जिलाधिकारी कार्यालय, अकोला में सहायता कक्ष (हेल्प डेस्क) स्थापित किए गए हैं। प्रतिभागियों को पंजीकरण, मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सहायता इन हेल्प डेस्क के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। स्वयंसेवी संस्थाओं एवं इच्छुक व्यक्तियों को स्टॉल लगाने, पंजीकरण तथा निवास व्यवस्था (टेंट) के लिए 28 जनवरी 2026 को शाम 5 बजे तक पंजीकरण करना अनिवार्य है। शहानुर के अतिरिक्त वन विभाग द्वारा अंबाबरवा अभयारण्य एवं वसाली गेट पर भी जंगल सफारी और निवास व्यवस्था की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
30 जनवरी से 1 फरवरी तक सांस्कृतिक कार्यक्रम
नरनाला महोत्सव के अंतर्गत 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम श्री संत गजानन महाराज विहीरी फाटा, पोपटखेड रोड, अकोट, जिला अकोला में आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी narnalafest.in पोर्टल पर उपलब्ध है। पोर्टल संबंधी जानकारी के लिए admin@narnalafest.in ई-मेल अथवा संपर्क क्रमांक 7840935372 पर संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढ़े: सोलापुर में क्रूजर-कंटेनर की टक्कर, दर्शन से लौट रहे यात्रियों पर टूटा कहर, 4 लोगों की मौत, 6 घायल
अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आवाहन
उपवनसंरक्षक, अकोट वन्यजीव विभाग एवं जिलाधिकारी, अकोला ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में नरनाला महोत्सव-2026 में भाग लेने का आवाहन किया है। यह महोत्सव न केवल वन्यजीव संरक्षण एवं जनजागृति का सशक्त माध्यम बनेगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
