Akola Municipal Corporation News: अकोला महानगरपालिका की कचरा घंटागाड़ी सेवा के नाम पर कथित जबरन वसूली के विरोध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेता विजय इंगले ने आक्रामक रुख अपनाया है। उन्होंने मनपा आयुक्त डॉ. सुनील लहाने को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि सेवा तत्काल निशुल्क नहीं की गई, तो मनपा कार्यालय में ‘कचरा फेंको’ आंदोलन छेड़ा जाएगा।
इंगले ने आरोप लगाया कि शहर के नागरिक पहले से ही भारी संपत्ति कर अदा कर रहे हैं, ऐसे में कचरा संकलन के लिए अलग से शुल्क लेना सीधे तौर पर जनता पर आर्थिक बोझ डालना है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अमरावती मनपा में यह सेवा निशुल्क उपलब्ध है, तो अकोला में ही नागरिकों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
इंगले के अनुसार, शहर के व्यापारियों से 500 से 1000 रुपये तक की मनमानी वसूली की जा रही है, जबकि रसीद कम रकम की दी जाती है। इसे उन्होंने रसीदों में अनियमितता बताते हुए ठेकेदार और वसूली करने वालों के गठजोड़ का गंभीर आरोप लगाया है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ठेके के अनुसार रोजाना कचरा उठाना अनिवार्य है, लेकिन कई इलाकों में दो-तीन दिन तक गाड़ी नहीं पहुंचती। बावजूद इसके नागरिकों से पूरी राशि वसूली जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
इंगले ने यह भी आरोप लगाया कि गाड़ियों, डीज़ल और रखरखाव का खर्च प्रशासन स्वयं वहन कर रहा है, फिर भी नागरिकों से शुल्क लिया जा रहा है, जिससे ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचने का संदेह है।
विजय इंगले ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों पर आर्थिक बोझ डालने की यह व्यवस्था अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने तत्काल निर्णय नहीं लिया, तो शिवसेना की ओर से मनपा परिसर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।