60% से अधिक क्षेत्र में रबी की बुआई पूरी, कुछ क्षेत्रों में सिंचाई के लिए मिलेगा पानी

Akola Farmers: अकोला जिले में रबी की 60% से अधिक बुआई पूरी हुई है। चना और गेहूं की बुआई तेजी से जारी है। सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध है, किसानों को रबी सीजन से उम्मीदें है।
60% से अधिक क्षेत्र में रबी की बुआई पूरी
60% से अधिक क्षेत्र में रबी की बुआई पूरी (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Akola Rabi Sowing: अकोला पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश और बदरीले मौसम के कारण रबी फसलों की बुआई में लगातार देरी हो रही थी। लेकिन अब मौसम रबी फसलों के लिए अनुकूल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक जिले में 77,127 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी की बुआई पूरी हो चुकी है। यह कुल नियोजित क्षेत्र का लगभग 60.29 प्रतिशत है। इसमें सर्वाधिक बुआई चने की हुई है।

हाल ही में बदरीला मौसम समाप्त होने के बाद ठंड बढ़ गई है, जिससे रबी फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ बनी हैं। किसान अब तेजी से गेहूं और चना सहित प्रमुख रबी फसलों की बुआई कर रहे हैं। कृषि विभाग ने इस वर्ष 1,58,947 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी बुआई का लक्ष्य रखा था। अच्छी बारिश के कारण खेतों में पर्याप्त नमी उपलब्ध है।

खरीफ फसलों को भारी नुकसान

जिले के अनेक क्षेत्रों में अतिवृष्टि और बेमौसम बारिश से खरीफ फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। अक्टूबर में हुई वर्षा से खेतों में रखी सोयाबीन भी भीग गई। कपास फसल को भी नुकसान हुआ। ऐसे में किसानों की उम्मीदें अब पूरी तरह रबी की फसलों पर टिकी हैं। किसानों का कहना है कि मौसम की खराबी के कारण रबी बुआई में कुछ देरी हुई है।

किसानों को रबी से उम्मीद-हिदायत पटेल

सहकार नेता हिदायत पटेल ने कहा कि अतिवृष्टि और प्राकृतिक संकटों से खरीफ फसलें चौपट हो गईं। कई किसानों को तो लागत भी नहीं निकल पाई। अब रबी फसल ही किसानों के लिए उम्मीद की किरण है। चना और गेहूं की बुआई तेज गति से की जा रही है।

अब तक बुआई का विवरण

फसल:  बुआई क्षेत्र (हेक्टेयर)

  • चना:  64,100
  • गेहूं:  10,800
  • मक्का:  31
  • रबी ज्वारी:  260.2
  • प्याज:  1,460
  • सब्जियां:  476
  • कुल बुआई:  77,127
  • कुल बुआई प्रतिशत:  60.29%
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com