Akola News: पातुर में बीज अंकुरित नहीं होने पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज
Seed Germination Failure: अकोला के पातुर में खराब बीजों के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ। जांच में बीज मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर दो बीज कंपनियों के खिलाफ विभाग की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की।
- Written By: आंचल लोखंडे
बीज अंकुरण- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Akola Farmers Loss: अकोला जिले के पातुर तहसील में किसानों द्वारा बोए गए बीजों का अंकुरण नहीं होने से हुए आर्थिक नुकसान के मामले में दो अलग-अलग बीज कंपनियों के खिलाफ पातुर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। अकोला स्थित बीज विश्लेषण प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में संबंधित बीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद कृषि विभाग की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
पहले मामले में तहसील कृषि अधिकारी महादेव राऊत की शिकायत पर इंदौर (मध्य प्रदेश) स्थित ऑस्कर सीड्स प्रा।लि। के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955, बीज अधिनियम-1966, बीज नियम-1968 तथा भा.न्या.सं. की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि 6 से 14 जुलाई 2026 के बीच किसानों से बड़ी संख्या में बीज अंकुरित नहीं होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर बीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए, जिनकी रिपोर्ट में बीज मानक के अनुरूप नहीं पाए गए।
दो बीज कंपनियां कानूनी शिकंजे में
इसी तरह दूसरे मामले में पंचायत समिति पातुर के बीज निरीक्षक एवं कृषि अधिकारी जयंत सोनोने की शिकायत पर मध्य प्रदेश की ओसवाल सीड्स एंड केमिकल्स लि। के खिलाफ भी आवश्यक वस्तु अधिनियम, बीज अधिनियम, बीज नियम तथा बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस कंपनी के बीजों को लेकर 28 जून से 3 जुलाई 2026 के बीच किसानों ने शिकायतें दर्ज कराई थीं। जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट में भी बीज निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए।
सम्बंधित ख़बरें
Yavatmal News: यवतमाल के वणी में खस्ताहाल पुलिस स्टेशन बना खतरा, विधायक से नए भवन की मांग
ठाणे में NCP का विशेष उपक्रम, अजित पवार की जयंती पर गुणवंत विद्यार्थियों का सम्मान एवं मार्गदर्शन
भंडारा में 47 हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर ₹29.78 करोड़ बिजली बिल बकाया, 30 हजार कनेक्शन कटे
मुंबईकरों को बड़ी सौगात, महालक्ष्मी में बन रहा देश का पहला ट्रैवेलेटर स्काईवॉक, 90% काम पूरा
ये भी पढ़े: अकोला में महाराष्ट्र बंद के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा का मामला दर्ज
बीजों का अंकुरण नहीं हुआ
कृषि विभाग के अनुसार, दोनों कंपनियों के बीजों की बुआई के बावजूद खेतों में अंकुरण नहीं हुआ, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, पातुर पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित कंपनियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृषि विभाग ने किसानों से प्रमाणित एवं अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज खरीदने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।
