Akola में 5 साल से पोलियो का एक भी मामला नहीं, 97% टीकाकरण लक्ष्य पूरा
Akola District में पिछले पाँच वर्षों से पोलियो का एक भी मामला सामने नहीं आया है। 97% टीकाकरण का लक्ष्य पूरा हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण अभियान को सफल बताया है।
- Written By: अपूर्वा नायक
पोलियो वैक्सीनेशन (सौ. सोशल मीडिया )
Akola News In Hindi: पोलियो जैसे गंभीर रोग के समूल उन्मूलन के लिए सरकारी स्तर पर चलाए गए सतत अभियान को अकोला जिले में बड़ी सफलता मिली है। जिला टीकाकरण अधिकारी डा विनोद करंजेकर ने जानकारी दी कि पिछले पांच वर्षों से जिले में एक भी पोलियो का मामला सामने नहीं आया है।
उन्होंने यह जानकारी 24 अक्टूबर को विश्व पोलियो दिवस की पूर्व संध्या पर साझा की। पिछले वर्ष के अंत तक जिले का लक्ष्य 21,524 बच्चों को पूर्ण सुरक्षा देना था, जिसमें से 20,805 बच्चों का टीकाकरण पूरा किया गया। इस प्रकार 97 प्रश लक्ष्य की पूर्ति हुई है। जो बच्चे टीकाकरण से छूट गए थे, उन्हें अगले महीनों में खोजकर उनका भी टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।
ऐसे दी जाती है पोलियो की खुराक
जिले के 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 176 उपकेंद्र, 1 जिला स्तरीय केंद्र, महिला अस्पताल और 5 ग्रामीण अस्पतालों के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती हैं। इन संस्थाओं के अंतर्गत क्षेत्रीय अधिकारी और कर्मचारी वर्षभर पोलियो टीकाकरण अभियान चलाते हैं। पोलियो की खुराक जन्म के समय, फिर डेढ़ माह, अढ़ाई माह, साढ़े तीन माह, नौ माह और 18 माह की उम्र में दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर संभावित पोलियो मरीजों की पहचान कर उनके नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजता है। इस प्रकार आरोग्य यंत्रणा पूरी तरह सतर्क है और पोलियो उन्मूलन की दिशा में लगातार कार्यरत है।
सम्बंधित ख़बरें
रक्षा मंत्री की पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी- ‘नापाक हरकतें नहीं रोकीं तो दाना-पानी कर देंगे बंद’
महाराष्ट्र में एकल महिला नीति बनाने की तैयारी, 25 जून तक मांगे गए सुझाव, जनता से सहयोग की अपील
अल नीनो का असर तय; मौसम ही नहीं बल्कि बाजार भी करेगा परेशान, जानें रिपोर्ट में क्या कहा गया ?
Hair Wash: सप्ताह में कितनी बार धोने चाहिए बाल? जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
ये भी पढ़ें :- Akola में दीपावली-भाई दूज पर बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़, महिलाओं को 50% छूट
टीकाकरण सुविधाओं का लाभ उठाएं
स्वास्थ्य संस्थाओं द्वारा प्रत्येक बच्चे को उसकी आयु वर्ग के अनुसार सभी टीके निःशुल्क लगाए जाते हैं। पोलियो दिवस के अवसर पर, स्वास्थ्य विभाग सभी अभिभावकों से अपील करता है कि वे समय-समय पर संबंधित टीकाकरण सुविधाओं का लाभ उठाएं और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
-डा विनोद करंजेकर, जिला टीकाकरण अधिकारी, अकोला।
