Akola News: प्रभागों के साथ पार्षदों की भी संख्या बढ़ेगी, इच्छुक उम्मीदवारों की गतिविधियां बढ़ीं

मनपा चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक विविध पार्टियों के उम्मीदवार चुनाव की राह देख रहे हैं। प्रभाग रचना चार सदस्यीय रहेगी।
प्रभागों के साथ पार्षदों की संख्या भी बढ़ेगी
प्रभागों के साथ पार्षदों की संख्या भी बढ़ेगी। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

अकोला: महाराष्ट्र सरकार के नगर विकास विभाग द्वारा प्रभाग रचना करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां पर करीब तीन वर्षों से अधिक समय हो गया है मनपा के चुनाव प्रलंबित हैं। अब ऐसा लग रहा है कि जल्दी ही मनपा के चुनाव का बिगुल बजेगा। मार्च 2022 में अकोला मनपा के सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो गया था, यहां इस समय मनपा में प्रशासक राज है। पिछले करीब तीन वर्षों से अधिक समय से मनपा चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक विविध पार्टियों के उम्मीदवार चुनाव की राह देख रहे हैं। प्रभाग रचना चार सदस्यीय रहेगी।

इसके पहले प्रभाग रचना चार की थी तब सदस्य संख्या 80 थी, अब नए प्रभागों की संख्या बढ़ेगी। जिसमें 20 की जगह 23 प्रभागों की रचना होगी। इस तरह अब 80 की जगह पार्षदों की संख्या 91 होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उस अनुसार आने वाले समय में 20 या 23 प्रभागों की रचना की जाएगी, उसके बाद ही सदस्यों की संख्या स्पष्ट हो सकेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक प्रभाग तीन या पांच सदस्यों का रहेगा। कौन सा प्रभाग तीन का या कौन सा प्रभाग पांच का रहेगा, यह उस प्रभाग की भौगोलिक स्थिति पर निर्भर रहेगा।

सभी प्रभाग 4 सदस्यों के रहेंगे

एक प्रयास यह भी है कि सभी प्रभाग 4 सदस्यों के रहेंगे। जानकारी के अनुसार प्रभाग रचना या सिर्फ जनगणना की जनसंख्या के आधार पर की जाती है। उस अनुसार प्रशासनिक स्तर पर तेजी से काम शुरू है। फिलहाल चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों का ध्यान प्रभाग रचना की तरफ लगा हुआ है। प्रभाग रचना की, प्रभागों की घोषणा होते ही चुनावी गतिविधियां जोर पकड़ेगी, ऐसा चित्र दिखाई दे रहा है। पूर्व महापौर मदन भरगड़ का राकांपा में प्रवेश, अजीत पवार ने कहा- शहर में बढ़ेगी पार्टी की ताकत

पिछले चुनाव में भाजपा को मिला था बहुमत

पिछले मनपा के चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला था। पिछले चुनाव में भाजपा के 48 पार्षद निर्वाचित हुए थे। इसी तरह कांग्रेस के 13, शिवसेना के 8, राष्ट्रवादी कांग्रेस के 5, वीबीए के 3, निर्दलीय 2 तथा एमआईएम का एक पार्षद निर्वाचित हुआ था, इस तरह कुल 80 पार्षद थे। अब यहां का राजनीतिक चित्र पूरी तरह से बदल गया है। अब भाजपा, कांग्रेस के अलावा राकां शरद पवार गुट, राकां अजीत पवार गुट, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट, शिवसेना शिंदे गुट के अलावा मनसे, एमआईएम, वीबीए, सपा आदि पार्टियां चुनाव में रहेंगी। प्रभाग रचना की घोषणा होते ही राजनीतिक गतिविधियां बढ़ जाएंगी।

मनपा प्रशासन कार्यरत: डा. लहाने

इस विषय पर बातचीत करने पर मनपा आयुक्त डा. सुनील लहाने ने कहा कि चुनाव आयोग और राज्य सरकार द्वारा जो निर्देश दिए जाते हैं, उसके आधार पर मनपा प्रशासन कार्य करता है। जैसे-जैसे निर्देश प्राप्त होते हैं, उस पर मनपा प्रशासन द्वारा अमल किया जाता है। जैसे-जैसे चुनाव आयोग और राज्य सरकार द्वारा निर्देश दिए जाएंगे, जानकारी दी जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com