Nagpur News: विधायक संदीप जोशी ने मनपा पर साधा निशाना, बोले- नालियां जाम लेकिन अधिकारी गायब! व्यवस्था भगवान भरोसे

विधायक संदीप जोशी ने नागपुर में सफाई को लेकर मनपा के खिलाफ सवाल उठाये हैं। उन्होंने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
विधायक संदीप जोशी ने मनपा पर साधा निशाना navbharat live
विधायक संदीप जोशी ने मनपा पर साधा निशाना
Published on
Updated on

नागपुर: सिटी में हर जगह से सफाई को लेकर बड़ी शिकायतें आ रही हैं। हर जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियां जाम हैं लेकिन अधिकारी गायब हैं। क्या लोगों की आवाज सुनने वाला एक भी अधिकारी नहीं है। क्या नागपुर महानगरपालिका की व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। विधायक संदीप जोशी ने सीधे ये सवाल उठाये हैं। इतना ही नहीं उन्होंने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल ध्यान देने की मांग की है।

झाड़ियों में कूड़े के ढेर

विधायक जोशी ने रामकृष्णनगर, धंतोली, जागृति कॉलोनी, बजाजनगर, सुरेन्द्रनगर आदि क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए। संवादों में नागरिकों ने सफाई को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें कीं। नागरिकों की शिकायतें थी कि उनके घरों के सामने 8, 10 या 15 दिनों तक सफाई नहीं होती। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने क्षेत्र में उगे पेड़ों और झाड़ियों तथा कूड़े के ढेर दिखाए।

प्रशासन कमजोर, अधिकारी गैर जिम्मेदार

जोशी ने कहा कि जोनल स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर सफाई कर्मचारियों तक किसी भी स्तर पर जिम्मेदारी का भाव नहीं है। कई सफाई कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी दूसरों को दे रखी है और निजी कामों में लगे हैं। किसी का किसी पर नियंत्रण नहीं है जिसके कारण शहर में अव्यवस्था का आलम है।

सफाई कर्मचारियों के काम का निरीक्षण करें

जोशी ने कहा कि पहले जहां नाले जाम थे वहां सफाई का प्रयास किया गया था। लेकिन अब सिर्फ नई नालियां बिछाने के लिए प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मानसून का मौसम आने के बावजूद नालों की सफाई महज औपचारिकता बनकर रह गई है। जोशी ने सुझाव दिया कि अतिरिक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी सड़कों पर जाकर सफाई कर्मचारियों के काम का निरीक्षण करें, रजिस्टरों की जांच करें तथा सुनिश्चित करें कि संबंधित बीट में काम सही तरीके से हो रहा है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपनी जिम्मेदारी से बचने वाले जमादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना भी जरूरी है।

हजारों कर्मचारी अभी भी खराब हालत में

जोशी ने मनपा प्रशासन की गैरजिम्मेदारी और निष्क्रियता की तीखी आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि 3,800 नियमित और 4,000 संविदा कर्मचारियों के बावजूद सफाई व्यवस्था इतनी खराब क्यों है। उन्होंने कहा कि अगर इन 7,000 कर्मचारियों के बावजूद नागपुर में सफाई व्यवस्था बदहाल है तो यह मनपा प्रशासन की गैरजिम्मेदारी और निष्क्रियता की निशानी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com