बैठक में उपस्थित महापौर व अन्य (सौजन्य-नवभारत)
Akola APMC Representative Appointment: अकोला महानगरपालिका की सर्वसाधारण सभा में सोमवार को कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत पिछली सभा के कार्यवृत्त को कायम रखने से हुई। इसके बाद आठ स्वीकृत पार्षदों की घोषणा की गई।
इनमें भाजपा-प्रणीत शहर सुधार आघाड़ी के एड. गिरीश गोखले, पूर्व उपमहापौर सुनील मेश्राम, चंदा शर्मा, एड. देवाशीष काकडे, कांग्रेस के इलियास खान उर्फ गुड्डू पठान, आकाश कवडे, उद्धवसेना के शंकर लंगोटे और वीबीए के सुनील इन्नानी शामिल हैं।
दोपहर की दूसरी बैठक में शहर के बड़े नालों की सफाई जेसीबी मशीन से और छोटे नालों की सफाई मनुष्यबल से करने का निर्णय लिया गया। गंदगी और कचरा उसी दिन उठाने की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निविदा निकालने और सभी पार्षदों को एसएमएस द्वारा जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही आवारा मवेशियों और कुत्तों से नागरिकों को हो रही परेशानी पर भी चर्चा हुई। इस विषय पर पार्षद आशीष पवित्रकार और वीबीए के पराग गवई ने मांग उठाई। इसी तरह अकोला एपीएमसी पर मनपा के एक सदस्य को प्रतिनिधि नियुक्त करने के विषय पर भी चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें – RTE प्रवेश पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला! आवेदन के लिए मिले 3 अतिरिक्त दिन, सरकार की ‘शर्तों’ पर जताई कड़ी आपत्ति
स्थायी समिति सभापति विजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि सरकार ने हाल ही में नया परिपत्रक जारी किया है, जिसके अनुसार अब बाजार समिति पर मनपा सदस्य की नियुक्ति संभव नहीं है। इस कारण संबंधित विषय को स्थगित रखा गया। बैठक में महापौर शारदा खेडकर, उपमहापौर अमोल गोगे, अतिरिक्त आयुक्त सुमेध अलोने और नगरसचिव अमोल डोईफोडे प्रमुख रूप से उपस्थित थे। पूरे दिन की बैठक में राजनीतिक वातावरण गरम रहा और आरोप-प्रत्यारोपों की झड़ी लगी।