निलेश लंके व राधाकृष्ण विखे पाटिल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Nilesh Lanke Statement: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ‘जमीन और धनशोधन’ के आरोपों ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सांसद निलेश लंके ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य के कद्दावर भाजपा नेता और मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल के परिवार को सीधे निशाने पर लिया है। लंके का आरोप है कि श्रीरामपुर तहसील में कृषि महामंडल की लगभग 4,000 एकड़ जमीन को एक निजी कंपनी, ‘झेडआर 2 (ZR2) बायो एनर्जी’, को देने की प्रक्रिया में भारी राजनीतिक हस्तक्षेप और वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं।
निलेश लंके ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि ZR2 कंपनी के बैंक खाते में महज एक महीने के भीतर 100 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। उन्होंने संदेह जताया कि यह पैसा ‘हवाला’ के रास्ते से आया हो सकता है। लंके के मुताबिक, यह कंपनी दुबई में पंजीकृत है और मुंबई में इसका कार्यालय है, लेकिन इसकी कार्यप्रणाली पूरी तरह संदिग्ध है।
सांसद लंके ने दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि ‘प्रवरा बायो एनर्जी’ कंपनी के निदेशकों में राधाकृष्ण विखे-पाटिल की बेटी सुप्रिया विखे-पाटिल और उनके दामाद अजीत नामदेवराव ढोकणे शामिल हैं। आरोप है कि ZR2 ग्रुप होल्डिंग कंपनी ने प्रवरा बायो एनर्जी से शेयर खरीदे हैं। लंके ने तंज कसते हुए कहा कि इन कंपनियों के पते और कार्यालयों में इतनी समानता है कि इनके ‘फर्जी’ होने का गहरा संदेह होता है।
शरद पवार गुट के सांसद निलेश लंके ने जांच की मांग को तेज करते हुए पूछा कि आखिर इस कंपनी ने उस जमीन की मांग क्यों की, जिसका अभी तक हस्तांतरण भी नहीं हुआ है? कंपनी के बोर्ड में जिमी वॉल्सन (स्वीडन नागरिक), निलेश जैन और सुनील कलापुरे जैसे नाम शामिल हैं। लंके ने सवाल उठाया कि एक विदेशी नागरिक वाली कंपनी का स्थानीय राजनीतिक परिवार की कंपनी के साथ जुड़ाव और करोड़ों का संदिग्ध लेनदेन बिना संरक्षण के संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें:- CM फडणवीस ने नागपुर में मनाया गुड़ी पड़वा, केसरिया रंग में रंगा शहर, शोभा यात्रा में हुए शामिल, देखें VIDEO
वर्तमान में, लंके ने इस पूरे प्रकरण की ED (प्रवर्तन निदेशालय) और CBI से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस खुलासे के बाद विखे-पाटिल गुट और महायुति सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई है, जबकि विपक्षी खेमा इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है।