CM फडणवीस ने नागपुर में मनाया गुड़ी पड़वा, केसरिया रंग में रंगा शहर, शोभा यात्रा में हुए शामिल, देखें VIDEO

Nagpur Gudi Padwa: नागपुर में गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष के मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भव्य शोभा यात्रा में शिरकत की। पारंपरिक वेशभूषा और भारी उत्साह के साथ पूरा शहर 'भगवामय' नजर आया।
Nagpur Gudi Padwa Devendra Fadnavis In Nagpur Shobha Yatra
गुड़ी पड़वा के अवसर पर शोभा यात्रा में पूजा करते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Devendra Fadnavis In Nagpur Shobha Yatra: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में आज गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष का पर्व बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजित पारंपरिक शोभा यात्रा में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिरकत की और हजारों नागरिकों के साथ उत्सव का आनंद लिया।

केसरिया रंग में रंगा 'ऑरेंज सिटी'

चैत्र मास के पहले दिन, हिंदू नववर्ष के स्वागत के लिए नागपुर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। संदीप जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य शोभा यात्रा में शहर के कोने-कोने से लोग पारंपरिक महाराष्ट्रीयन वेशभूषा में पहुंचे। ढोल-ताशों की गूंज और लहराते भगवा ध्वजों ने वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।

मुख्यमंत्री ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

शोभा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बात करते हुए सभी को नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज गुड़ी पड़वा के पवित्र दिन पर इस शोभा यात्रा का हिस्सा बनकर मुझे अपार खुशी हो रही है। मैं इस अवसर पर सभी भारतीयों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। हर साल नागपुर में यह शानदार आयोजन किया जाता है। आप देख सकते हैं कि किस तरह पूरा शहर केसरिया रंग में रंग गया है। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी पारंपरिक वेशभूषा में अपनी संस्कृति का जश्न मना रहे हैं। यह नजारा वाकई अद्भुत और सुखद है।

अभिनेत्री सई ताम्हणकर भी हुई शामिल

गुड़ी पड़वा उत्सव के लिए नागपुर में आयोजित शोभा यात्रा में मराठी अभिनेत्री सई ताम्हणकर भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ शामिल हुईं। सई ताम्हणकर एक अभिनेत्री हैं, जो मुख्य रूप से मराठी और हिंदी फिल्मों में अपने काम के लिए जानी जाती हैं। सई 'महाराष्ट्रची हास्य जत्रा' नामक एक मराठी कॉमेडी शो को भी जज भी करतीं हैं।

सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन

इस यात्रा में केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक संदेशों को भी झांकियों के माध्यम से दर्शाया गया। महिलाओं ने नौवारी साड़ी पहनकर और पुरुषों ने फेटा (पगड़ी) बांधकर रैलियां निकालीं। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं और युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ते हैं। इस दौरान नागपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।