मध्य प्रदेश में अचानक बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
बारिश और तेज हवाओं से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है। भोपाल सहित कई हिस्सों में बारिश की वजह से तापमान में गिरावट हुआ और मौसम सुहाना हो गया। वहीं किसानों को ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की चिंता भी सताने लगी है।
- Written By: विकास कुमार उपाध्याय
सांकेतिक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
भोपाल : मध्य प्रदेश में गर्मी से जूझ रहे लोगों को सोमवार यानी 5 मई को मौसम ने थेड़ी ठंडक भरी राहत दी है। अचानक बदले मौसम के कारण राज्य की राजधानी भोपाल सहित कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट हुआ है और मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भोपाल के मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि बीते 24 घंटे में पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर बिखरी हुई बारिश दर्ज की गई। इंदौर में सर्वाधिक 70 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, वहीं 13 जगहों पर आंधी, बिजली और तेज हवाओं का असर देखा गया। इंदौर में हवा की गति 111 किमी प्रति घंटा तक पहुंची, जो अब तक की सबसे तेज रही। इसके अलावा, राज्य के तीन स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई।
पूर्वी मध्य प्रदेश में भी दिखा असर
पूर्वी मध्य प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली और एक स्थान पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। सिंगरौली जिले में हवा की गति 80 किमी प्रति घंटे तक रही। अरुण शर्मा के अनुसार, यह सब मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है, जो कि उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है और जिसकी ऊंचाई समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किमी के बीच है।
सम्बंधित ख़बरें
दतिया उपचुनाव: ‘नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ भाजपा के भीतर नाराजगी..’, कांग्रेस नेता घनश्याम सिंह ने किया बड़ा दावा
बारिश, हवा और वाइल्ड लाइफ का रियल फील, इंदौर जू का अत्याधुनिक थिएटर तैयार
EXCLUSIVE: मां बगलामुखी मंदिर में अवैध वसूली और चढ़ावे पर विवाद, मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कही बड़ी बात
दतिया उपचुनाव: ‘पूरी ताकत से लड़ेंगे चुनाव’, कांग्रेस ने की रणनीति बैठक; पीसी शर्मा ने कही बड़ी बात
दो दिन और जारी रहेगा बदला मौसम
भोपाल के मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि इसके अलावा एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर 1.5 किमी की ऊंचाई पर बना हुआ है, जबकि एक अन्य प्रणाली दक्षिणी उत्तर प्रदेश में 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसी के साथ, 850 हेक्टोपास्कल स्तर पर एक ईस्ट-वेस्ट ट्रफ रेखा भी गुजर रही है। इन सभी सिस्टमों के कारण बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला आज और कल जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, श्योपुर और शिवपुरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के सिवनी, मंडला, डिंडोरी, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
