रेकी कर सूने मकानों को बनाते थे निशाना, खाचरोद पुलिस ने 33 लाख रुपए की चोरी का किया खुलासा
Theft Case Solved: खाचरोद में सूने मकान में हुई ₹33 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
- Reported By: अजय नीमा | Edited By: प्रीतेश जैन
पुलिस ने लाखो की चोरी का किया खुलासा(फोटो सोर्स:नवभारत)
Ujjain Crime News: उज्जैन जिले की खाचरोद थाना पुलिस ने लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹33 लाख मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में चोरी की वारदात का मास्टरमाइंड भी शामिल है। मामले में आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है, ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।
पुलिस के अनुसार फरियादिया अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने मुंबई गई हुई थीं। इसी दौरान 18-19 जून 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की शिकायत पर थाना खाचरोद में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिले सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह के मार्गदर्शन, एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे के निर्देशन और थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कस्बे और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की।
सम्बंधित ख़बरें
दतिया उपचुनाव: आज चंद्रशेखर आजाद का शक्ति प्रदर्शन, दामोदर सिंह यादव के समर्थन में करेंगे रोड शो
दतिया उपचुनाव: जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को किया अलर्ट, बोले- लोकतंत्र से खिलवाड़ नहीं होने देंगे
सड़क नहीं, मजबूरी का सफर: 1.2 किमी पैदल चलकर अस्पताल पहुंची गर्भवती महिला, वायरल वीडियो ने खोली विकास की पोल
इंदौर में हाथी को गुड़ खिलाना पड़ी भारी, शख्स को सूंड में लपेटकर जमीन पर पटका और सीने पर रख दिया पैर
तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹33 लाख के आभूषण बरामद
पुलिस ने रिफत, शेर खान और फिरोज उर्फ विस्सू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई पूछताछ में आरोपियों ने रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर करीब ₹33 लाख मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें:5 युवकों की हत्या के आरोपी डॉ. अमित खरे का अस्पताल सील, बिना अनुमति चल रहा था ‘स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल’
अन्य वारदातों की भी हो रही जांच
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया है। अब उनसे शेष चोरी गए माल और अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और आम लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया सहित साइबर सेल और थाना खाचरोद की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
