सीधी के भंवरसेन घाट पर हाहाकार, सोन नदी में पिकनिक मनाने गए मैहर के 4 युवक-युवतियां डूबे; एक शव बरामद
Drowning Case Son River: सीधी के सोन नदी स्थित भंवरसेन घाट पर पिकनिक के दौरान मैहर के 4 लोग डूबे, ज्योति सेन का शव बरामद, सुभी, नीलू और लखन लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।
- Reported By: अर्पित पाण्डेय | Edited By: सजल रघुवंशी
सोन नदी में हादसा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sidhi Son River Bhawarsen Ghat Drowning: सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित सोन नदी के भंवरसेन घाट पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पिकनिक की खुशियों को मातम में बदल दिया। मैहर जिले से परिवार और रिश्तेदारों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे चार युवक-युवतियां नदी में नहाते समय गहरे पानी की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों नदी में डूब गए। घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा, रामपुर नैकिन थाना पुलिस तथा खड्डी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। तलाश के दौरान एक युवती का शव घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी में तैरता हुआ मिला, जिसे बाहर निकाल लिया गया। शव की पहचान ज्योति सेन (24) निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर, जिला मैहर के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस और रेस्कयू टीम तीन लापता लोगों की तलाश में जुटी
तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि बचाव दल को तत्काल सूचना देकर मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी में लापता अन्य तीन लोगों की लगातार तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि सभी गहरे भंवर में फंस गए थे, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके। हादसे में लापता लोगों में सुभी सेन (15) पिता रामदयाल सेन, निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर, नीलू बैस (22) पिता लल्लू बैस, निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर तथा लखन केवट (26) पिता मोहनलाल केवट, निवासी घोगटपुर, जिला राजगढ़ शामिल हैं।
सम्बंधित ख़बरें
MP कांग्रेस में बड़े बदलाव की तैयारी: दिल्ली दरबार में हाजिरी देंगे शीर्ष नेता, 4 अगस्त को समीक्षा बैठक
खंडवा: AI से राहुल गांधी की कथित भ्रामक तस्वीर वायरल करने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, FIR की मांग
उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा, जीतू पटवारी बोले- दतिया से बदलेगी मध्य प्रदेश की राजनीति
सीएम मोहन यादव ने की ‘श्री 84 महादेव दर्शन यात्रा-2026’ की शुरुआत, उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यह भी पढ़ें: MP News: इंदौर में महिला ने लगाई सीएम से गुहार, प्रशासन ने की कार्रवाई; सील हुई शराब की दुकान
तेज बहाव के कारण भंवरसेन घाट सबसे खतरनाक क्षेत्र
भंवरसेन घाट पर हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग पिकनिक और स्नान के लिए पहुंचते हैं लेकिन नदी के गहरे भंवर और तेज बहाव के कारण यह क्षेत्र बेहद खतरनाक माना जाता है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नदी में बिना सुरक्षा इंतजाम के उतरने के खतरे को उजागर कर दिया है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता तीनों की तलाश लगातार की जा रही है।
