रविंद्र जडेजा की बॉल पर शॉट खेलते हुए शिवराज सिंह चौहान (सोर्स- वीडियो)
Shivraj Singh Chouhan Video: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार को एक अद्भुत और मजेदार नजारा देखने को मिला। यहां भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की फिरकी पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बल्ला घुमाया। जैसे ही जडेजा ने गेंद फेंकी, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने एक जोरदार शॉट खेलकर चौका जड़ दिया। यह देखकर वहां मौजूद हजारों दर्शक खुशी से झूम उठे।
यह दिलचस्प वाकया रायसेन में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह के दौरान हुआ। शिवराज सिंह चौहान के शॉट पर खुद गेंदबाज रविंद्र जडेजा ने भी ताली बजाकर उनकी तारीफ की और उनका हौसला बढ़ाया। केंद्रीय मंत्री ने बाद में इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि क्रिकेट की पिच पर सर जडेजा के साथ।
रविंद्र जडेजा इस कार्यक्रम की शान बढ़ाने के लिए विशेष रूप से रायसेन आए थे। शहर में उनके स्वागत में एक भव्य रोड शो निकाला गया। इस रोड शो में एक वाहन में रविंद्र जडेजा के साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी सवार थे।
क्रिकेट की पिच पर सर जडेजा के साथ@imjadeja pic.twitter.com/hxMk2OiUgG — Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 2, 2026
भाजपा के कई अन्य प्रमुख नेता भी इस दौरान मौजूद रहे। स्टेडियम में पहुंचने पर जडेजा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। वहां उमड़ी भीड़ देखकर जडेजा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में इतने लोगों को देखकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है मानो वह कोई इंटरनेशनल मैच देखने आए हों। उन्होंने लोगों के प्यार और समर्थन के लिए सबका दिल से शुक्रिया अदा किया।
कार्यक्रम में अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि रविंद्र जडेजा के सम्मान में जमकर तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने जडेजा की परिभाषा बताते हुए कहा कि जडेजा का मतलब जज्बा, जुनून और जीत की पारी का जश्न है।
जडेजा यानी जज्बा
जडेजा यानी जुनून
जडेजा यानी जीत जो बॉलिंग करे, तो विकेटों की झड़ी लगा दे; वो जडेजा है।
जो बैटिंग करे तो रनों का अंबार लगा दे; वो जडेजा है।
जो वनडे, टी 20 और टेस्ट, हर फॉर्मेट में फिट हो जाए; वो जडेजा है। – माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @ChouhanShivraj जी… pic.twitter.com/e38vQMWy2U — Office of Shivraj (@OfficeofSSC) February 2, 2026
शिवराज ने कहा कि जो वनडे, टी20 और टेस्ट, हर फॉर्मेट में फिट बैठता है, वही असली जडेजा है। उन्होंने आगे कहा कि जो अपनी स्पिन से बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड कर दे वो जडेजा, जो आखिरी ओवर में भी जीत की उम्मीद जगा दे और जब खुद बैटिंग पर आए तो रनों की झड़ी लगा दे, वही जडेजा है।
यह भी पढ़ें: जबलपुर के बरगी बांध की नहर टूटी: आधा दर्जन गांवों में घुसा पानी, सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद, बाढ़ का खतरा बढ़ा
शिवराज सिंह चौहान ने उनकी फील्डिंग की तारीफ करते हुए कहा कि जो बाउंड्री पार जाती गेंद को हथेली में रोक ले और विरोधी को एक-एक रन के लिए तरसा दे, वह जडेजा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अद्भुत खिलाड़ी का हम हृदय से स्वागत करते हैं। इस मौके पर खेल और राजनीति का यह अनूठा संगम दर्शकों के लिए यादगार बन गया।