फिर लाए जाएंगे नए कृषि कानून...शिवराज सिंह चौहान ने किया ऐलान, बता दिया किसे मिलेगी कड़ी सजा

Shivraj Singh Chouhan: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने किसानों को सुरक्षा देने के लिए जल्द ही संसद में नए कृषि कानून लाने की घोषणा की है।
new farm laws to be introduced again shivraj singh chouhan announcement
शिवराज सिंह चौहान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

New Farm Laws: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में किसानों से संवाद करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने किसानों को सुरक्षा देने के लिए जल्द ही संसद में नए कृषि कानून लाने की घोषणा की है। इस दौरान चौहान ने यह भी बताया कि नए कानूनों के तहत किसे कड़ी सजा मिलेगी।

शनिवार को शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का दौरा किया और किसानों से सीधे बातचीत की। यहां उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता किसान और उनका विकास है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व नकली खाद के जरिए किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं।

जल्द संसद में पेश होंगे कृषि कानून: चौहान

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को कानूनी सुरक्षा देने के लिए जल्द ही संसद में नए कृषि कानून पेश किए जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों की फसलों और उनके भविष्य के साथ किसी भी हालत में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो नकली बीज-खाद और कीटनाश से किसान का नुकसान करते हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शिवराज ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

दौरे की शुरुआत में चौहान ने दुर्ग जिले के गिरहोला और खपरी गांवों का दौरा किया। वहां वे खेतों में गए और किसानों से सीधे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने नर्सरी, खेतों और कृषि फार्म का निरीक्षण किया और फसल चक्र, बागवानी, सिंचाई, बीज उत्पादन और खेती की आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी हासिल की। ​​गिरहोला गांव में केंद्रीय मंत्री ने आम का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने की किसानों से बातचीत

चौहान ने खपरी में अनिल एग्रीकल्चरल फार्म का दौरा किया और खेतों का निरीक्षण करने के बाद किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसान चौपाल कार्यक्रम में सफल किसानों को बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान अब पारंपरिक खेती के तरीकों के साथ-साथ नई तकनीकों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं, जो पूरे देश के लिए एक अच्छा उदाहरण है।

PM किसान सम्मान योजना का किया जिक्र

शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से अपील की कि वे खेती के साथ-साथ फलदार पौधे और पेड़ लगाने पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि पारंपरिक धान की खेती के साथ-साथ फल, सब्जियां और अलग-अलग तरह की फसलें उगाने से किसानों की आमदनी में काफी बढ़ोतरी हो रही है। यहां उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छोटे किसानों के खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए जा रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं से फसलों की सुरक्षा कर रही है। नेशनल एग्रीकल्चर डेवलपमेंट स्कीम खेती के नए तरीकों को बढ़ावा दे रही है और पैदावार बढ़ा रही है। उन्होंने भविष्य के लिए प्राकृतिक खेती, माइक्रो-इरिगेशन और जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया और किसानों से इन तरीकों को अपनाने का आग्रह किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com