Noida में ₹30 हजार किराया, हजारों की मेंटेनेंस फिर भी बेसमेंट में भरा पानी, महिला बोली- घर मिला या सिर्फ महंगा
Noida Waterlogging : नोएडा की एक महिला ने भारी किराए और मेंटेनेंस चार्ज के बावजूद सोसायटी के बेसमेंट में पानी भरने का वीडियो शेयर किया। वीडियो के बाद प्रीमियम हाउसिंग सोसायटी की सुविधाओं पर सवाल उठे।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Flooded Basement : नोएडा में महंगे किराए और प्रीमियम हाउसिंग सोसायटी की सुविधाओं को लेकर एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कंटेंट क्रिएटर आंचल सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें बारिश के बाद उनकी रेजिडेंशियल सोसायटी के बेसमेंट में पानी भरा नजर आ रहा है।
आंचल के मुताबिक, वह हर महीने 30 हजार रुपये से ज्यादा किराया देती हैं। इसके अलावा 3 से 4 हजार रुपये तक मेंटेनेंस चार्ज और अलग से बिजली का बिल भी देना पड़ता है। इसके बावजूद बारिश के बाद बेसमेंट में पानी भरने से उन्होंने सोसायटी की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
नोएडा की महंगी सोसायटी के बेसमेंट में भरा पानी
आंचल ने वीडियो में तंज कसते हुए बेसमेंट में जमा पानी को ‘कॉम्प्लिमेंट्री स्विमिंग पूल’ बताया। उन्होंने कहा कि सोसायटी में करीब 2 करोड़ रुपये तक कीमत वाले फ्लैट हैं और यहां रहने वाले लोग अपने घर और गाड़ियों पर बड़ी रकम खर्च करते हैं।
इसके बावजूद बारिश के बाद बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंता पैदा करती है। उन्होंने सोसायटी में लंबे समय से चल रहे निर्माण और मेंटेनेंस कार्यों का भी जिक्र किया। आंचल ने कहा कि कई साल से उन्हें ‘सोसायटी की बेहतरी के लिए काम चल रहा है’ जैसी बातें सुनने को मिल रही हैं, लेकिन इसका असर बेसमेंट की समस्या पर नजर नहीं आ रहा है।
ये खबर भी पढ़ें : बच्चियों ने छाते को बनाया माइक, स्कूल से लौटते वक्त रिपोर्टिंग कर खोली PWD की पोल; देखें वायरल वीडियो
हाउसिंग सोसायटी की सुविधाओं पर सवाल उठे
वायरल वीडियो में आंचल ने नोएडा में रहने वाले खासकर बैचलर्स के लिए 30 से 40 हजार रुपये तक के किराए पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि इतनी रकम खर्च करने के बाद लोगों को वास्तव में बेहतर घर और सुविधाएं मिल रही हैं या सिर्फ एक महंगा पता। वीडियो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आंचल की बात से सहमति जताई और अपने अनुभव भी साझा किए।
कुछ यूजर्स ने सोसायटी की पहचान नोएडा के सेक्टर-46 स्थित अम्रपाली सैफायर के तौर पर की, हालांकि वीडियो में इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पोस्ट के बाद प्रीमियम हाउसिंग सोसायटी में भारी मेंटेनेंस और किराए के बदले मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को लेकर बहस तेज हो गई है।
