सागर: फिर सवालों के घेरे में जिला अस्पताल की सुरक्षा, वार्ड में शराब पीता रहा मरीज, वायरल हो रहा वीडियो
Patient Drinking Alcohol In Hospital : सागर जिला अस्पताल के वार्ड में मरीज के शराब पीने का वीडियो वायरल हो रहा हैं। अस्पताल स्टाफ के रोकने के बावजूद मरीज खुलेआम शराब पीता दिखाई दिया।
- Reported By: सरजू पटेल | Edited By: प्रीतेश जैन
अस्पताल में शराब पीता मरीज (फोटो सोर्स- नवभारत)
Sagar District Hospital Viral Video: मध्यप्रदेश के सागर जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल के एक वार्ड से इलाजरत मरीज का खुलेआम शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक अस्पताल के वार्ड के भीतर बिस्तर के नीचे बैठकर शराब पीता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पैग बनाकर शराब का सेवन कर रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल स्टाफ ने उसे ऐसा करने से रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन उसने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया और वार्ड में ही शराब पीता रहा।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब सागर जिला अस्पताल से इस तरह की तस्वीर सामने आई हो। इससे पहले भी इसी वार्ड से एक अधेड़ व्यक्ति का खुलेआम शराब पीते हुए वीडियो वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
ग्वालियर के थाटीपुर में दर्दनाक हादसा: कमरे में जिंदा जलकर युवक की मौत, शराब पीते समय लगी आग
सीहोर जिला जेल में कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप, जेल प्रबंधन पर उठे सवाल
मध्य प्रदेश शिक्षक ट्रांसफर: विवाह प्रमाण पत्र की अनिवार्यता खत्म, अब वैकल्पिक दस्तावेज भी मान्य
आज मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान की शुरुआत, साइबर सुरक्षा को मिलेगी नई दिशा
एमपी के सागर अस्पताल की सुरक्षा सवालों में घेरे में, वार्ड में खुले आम शराब पीता मरीज कैमरे में कैद! मध्यप्रदेश के सागर जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इलाज करा रहे एक मरीज का वार्ड में ही शराब पीते हुए वीडियो मंगलवार दोपहर 2 बजे सोशल… pic.twitter.com/MU3z9OCnMe — NavBharat Live (@TheNavbharatliv) June 24, 2026
नियमों के पालन में लापरवाही
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल परिसर में शराब जैसी प्रतिबंधित वस्तु मरीज तक कैसे पहुंच रही है। अस्पताल में सुरक्षा जांच और निगरानी की व्यवस्था होने के बावजूद मरीजों के पास शराब पहुंचना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। इतना ही नहीं, मरीजों द्वारा वार्ड के भीतर खुलेआम शराब पीना यह दर्शाता है कि नियमों का पालन कराने में भी लापरवाही बरती जा रही है।
अन्य मरीजों के परिजनों ने जताई नाराजगी
अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अस्पताल उपचार और मरीजों की सुरक्षा के लिए होता है, लेकिन यदि वार्डों में इस तरह की गतिविधियां होती रहेंगी तो इससे अन्य मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें : सागर: हाई-रिस्क इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज की मौत, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में लापरवाही के आरोपों से मचा हड़कंप
अस्पताल की ओर से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
वायरल वीडियो के बाद अब लोगों की नजर अस्पताल प्रबंधन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
