सीहोर जिला जेल में कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप, जेल प्रबंधन पर उठे सवाल
Jail Negligence Allegations: सीहोर जिला जेल में कैदी श्रीराम वर्मा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। जांच की मांग के बीच जेल प्रबंधन ने चुप्पी साधे रखी है।
- Reported By: विजेंद्र सिंह राणा | Edited By: प्रीतेश जैन
सीहोर जिला जेल (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Sehore Jail Prisoner Death Case: सीहोर जिला जेल में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान श्रीराम वर्मा के रूप में हुई है, जो इच्छावर क्षेत्र में हुए एक मारपीट और हिंसक विवाद के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। कैदी की मौत के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं, जबकि जेल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार श्रीराम वर्मा को एक पुराने जमीनी विवाद और मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मंगलवार सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
समय पर नहीं कराया इलाज
परिजनों का आरोप है कि श्रीराम वर्मा की तबीयत कई दिनों से खराब थी, लेकिन इसके बावजूद जेल प्रबंधन ने उन्हें समय पर उचित इलाज उपलब्ध नहीं कराया। उनका कहना है कि अगर समय रहते इलाज मिल जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने इसे जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं दूसरी ओर जेल प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले में चुप्पी साधी हुई है। अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से भी परहेज किया है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
सम्बंधित ख़बरें
मध्य प्रदेश शिक्षक ट्रांसफर: विवाह प्रमाण पत्र की अनिवार्यता खत्म, अब वैकल्पिक दस्तावेज भी मान्य
आज मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान की शुरुआत, साइबर सुरक्षा को मिलेगी नई दिशा
अशोका विहार में निगम की बड़ी कार्रवाई: 4 मंजिला इमारत जमींदोज, चुनाव के दौरान संचालित हुआ था कांग्रेस कार्यालय
सागर: फिर सवालों के घेरे में जिला अस्पताल की सुरक्षा, वार्ड में शराब पीता रहा मरीज, वायरल हो रहा वीडियो
क्या था मामला?
यह पूरा मामला इच्छावर क्षेत्र के ग्राम कालापीपल में 26 अप्रैल को हुए एक जमीनी विवाद से जुड़ा है। उस समय खेत पर मोटर चालू करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मारपीट और चाकूबाजी की घटना हो गई थी। इस दौरान एक पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने फरियादी नेपाल वर्मा की शिकायत पर अनार सिंह, मनोज, सीता बाई, दुर्गाप्रसाद और श्रीराम वर्मा सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
ये भी पढे़ं : आज मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान की शुरुआत, साइबर सुरक्षा को मिलेगी नई दिशा
जेल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
कैदी की मौत के बाद जेल परिसर और जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। अब पूरी स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और संभावित न्यायिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
