महू: जनसुनवाई में फूटा आदिवासी युवती का गुस्सा, SDM को सुनाई खरी-खोटी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Water Crisis Mhow: महू जनसुनवाई में पानी की समस्या को लेकर एक आदिवासी युवती ने एसडीएम राकेश परमार के सामने नाराजगी जाहिर की। वीडियो वायरल हो रहा है, जबकि प्रशासन ने पानी सप्लाई का दावा किया है।
Mhow Tribal Girl Water Crisis SDM Viral Video
नाराजगी जाहिर करती लड़की (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Mhow Tribal Girl Protest: महू एसडीएम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पेयजल संकट को लेकर एक आदिवासी युवती का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों के साथ पहुंची युवती ने एसडीएम राकेश परमार के सामने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जलवानिया और शेरपुर के ग्रामीण बड़ी संख्या में जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांवों में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है, जिसके कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण प्रशासन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे।

वायरल हो रही वीडियो

जनसुनवाई के दौरान मौजूद एक आदिवासी युवती ने प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसडीएम राकेश परमार को खरी-खोटी सुना दी। वायरल वीडियो में युवती गांव में पानी की कमी, अधिकारियों की कथित उदासीनता और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर तीखी नाराजगी व्यक्त करती दिखाई दे रही है।

तत्काल कराई पानी की व्यवस्था

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों का दावा है कि जनसुनवाई में विरोध और हंगामे के बाद प्रशासन ने तत्काल पानी की व्यवस्था करवाई, जिससे गांव के लोगों को राहत मिली है।

उठाए जा रहे आवश्यक कदम

हालांकि प्रशासन का पक्ष इससे अलग है। एसडीएम राकेश परमार का कहना है कि संबंधित गांवों में पानी की आपूर्ति पहले से ही सुचारू रूप से चल रही थी और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है तथा आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं।

पानी सप्लाई का वीडियो जारी

इस बीच प्रशासन ने गांव में पानी सप्लाई किए जाने के वीडियो भी जारी किए हैं। वहीं वायरल वीडियो के बाद पेयजल व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। अब यह मामला सोशल मीडिया से लेकर प्रशासनिक हलकों तक चर्चा का विषय बना हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com