

Highlights :
रीवा के गांधी स्मारक चिकित्सालय में सुरक्षा गार्डों पर मरीज के परिजन से मारपीट का मामला।
गेट पास को लेकर शुरू हुआ था विवाद, पुलिस थाने पहुंचा मामला।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
Rewa Hospital Fight Viral Video : रीवा जिले के शासकीय गांधी स्मारक चिकित्सालय में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले गार्डों पर ही मरीज के परिजन के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। गेट पास को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और गार्डों के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक अस्पताल में गेट पास को लेकर मरीज के परिजन कृष्णकांत वर्मा और सुरक्षा गार्डों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरक्षा गार्डों ने कृष्णकांत वर्मा के साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में भी घटना के दौरान मारपीट का नजारा दिखाई देने की बात सामने आई है।
घटना के बाद कृष्णकांत वर्मा शिकायत लेकर अमहिया थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं सुरक्षा गार्ड भी अपना पक्ष रखने और शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे हैं। मप्र पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गांधी स्मारक चिकित्सालय में सुरक्षा गार्डों और मरीजों के परिजनों के बीच विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ इस तरह के विवाद से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका रही और संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।