मुरैना में चल समारोह में तलवार बंदूक लहराकर डांस, पुलिस से छीनी जब्त की गई बंदूक, घटना के वीडियो हुए वायरल

Morena Jhalkari Bai Jayanti : मुरैना में झलकारी बाई जयंती के चल समारोह में युवकों ने तलवार और बंदूक लहराई। पुलिस ने बंदूक जब्त की तो भीड़ ने धक्कामुक्की कर छीन ली। कोली समाज अध्यक्ष समेत दो पर FIR
Morena Jhalkari Bai Jayanti procession incident
चल समारोह में बंदूक लहराकर डांस करता हुआ युवक फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • मुरैना में झलकारी बाई जयंती के चल समारोह में हंगामा।

  • युवकों ने तलवार और बंदूक लहराते हुए किया डांस।

  • भीड़ ने पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की कर बंदूक छीनी।

Morena Chal Samaroh Viral Video : मुरैना जिले में झलकारी बाई जयंती के मौके पर निकाले गए चल समारोह में जमकर हंगामा हुआ। समारोह के दौरान कुछ युवक खुलेआम तलवार और बंदूक लहराते हुए डांस करते नजर आए। हथियारों के प्रदर्शन पर रोक के चलते पुलिस ने एक युवक से बंदूक जब्त कर ली लेकिन भीड़ में शामिल युवकों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर धक्कामुक्की की और बंदूक छीनकर ले गए।

ये घटना स्टेशन रोड थाने से कुछ ही दूरी पर जिला न्यायाधीश के बंगले के सामने हुई। अब घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

बैरियर चौराहे से निकला था चल समारोह

रविवार को झलकारी बाई जयंती के अवसर पर कोली समाज की ओर से मुरैना में भव्य चल समारोह निकाला गया था। जुलूस बैरियर चौराहे से शुरू होकर मुख्य बाजार की ओर बढ़ रहा था। करीब एक किलोमीटर लंबे समारोह में आकर्षक झांकियां बैंड बाजे, बाइक रैली और नाचते गाते युवाओं की टोलियां शामिल थीं।

तलवार और बंदूक लहराते दिखे युवक

मुरैना जिले में चल समारोह जब स्टेशन रोड थाना और कलेक्टर बंगले के आगे पहुंचा तभी कुछ युवकों ने तलवार निकालकर लहराना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक युवक बंदूक लेकर भीड़ के बीच डांस करता दिखाई दिया। सार्वजनिक स्थानों और आयोजनों में हथियारों के प्रदर्शन पर रोक के चलते मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक से बंदूक जब्त कर ली।

पुलिसकर्मियों से छीनकर ले गए बंदूक

पुलिसकर्मी जब जब्त बंदूक लेकर आगे बढ़ा तो भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और बंदूक थाने ले जाने की बात कही। इसी दौरान कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ खींचतान और धक्कामुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस के कब्जे से बंदूक छीन ली। इसके बाद बंदूक और तलवार लेकर युवक मौके से चले गए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कोली समाज अध्यक्ष समेत दो पर FIR

सीएसपी कवीन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक चल समारोह निकालने के लिए कोली समाज के अध्यक्ष नरोत्तम माहौर ने प्रशासन से अनुमति ली थी। समारोह के दौरान हथियारों का प्रदर्शन और पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की अनुमति की शर्तों का उल्लंघन है। इसी आधार पर पुलिस ने नरोत्तम माहौर और नवीन माहौर के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Morena Jhalkari Bai Jayanti procession incident
Meta Poster War : भोपाल में BJP कार्यालय के सामने युवा कांग्रेस का पोस्टर वार, लिखा- 'मेटा बीजेपी का बेटा'

वायरल वीडियो से युवकों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर बंदूक छीनकर ले जाने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी है। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हुई धक्कामुक्की और जब्त हथियार छीने जाने को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी।

Morena Jhalkari Bai Jayanti procession incident
Bulldozer Action : भोपाल के जनता क्वार्टर पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 599 मकानों को किया जा रहे जमींदोज