रीवा के अजगरहा मार्ग पर फूटा जनता का आक्रोश, जर्जर सड़क और जल संकट को लेकर किया चक्काजाम; जानें पूरा मामला
Public Protest Bad Road Heavy Vehicles Ban: अजगरहा मार्ग पर जर्जर सड़क, पेयजल और बिजली संकट को लेकर स्थानीय नागरिकों का चक्काजाम। प्रशासन के जल्द समाधान के आश्वासन के बाद खुला जाम।
- Written By: सजल रघुवंशी
रीवा चक्काजाम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Ajgaraha Marg Chakkajam MP: रीवा के अजगरहा मार्ग पर रविवार को स्थानीय मोहल्ला वासियों का आक्रोश उस समय फूट पड़ा, जब क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान नहीं होने पर लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा सड़क पर एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
चक्काजाम के कारण अजगरहा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने लगाए यह गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि क्षेत्र से लगातार भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिसके कारण सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने मांग की कि अजगरहा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा सड़क की मरम्मत कराई जाए।
सम्बंधित ख़बरें
100 बेड अस्पताल को लेकर कांग्रेस का विरोध, गायब अस्पताल की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंची
अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण पर सख्ती, कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिए कड़े निर्देश
इंदौर एयरपोर्ट विस्तार को लेकर पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
दिल्ली से लौटते ही बदले नरोत्तम मिश्रा के तेवर, प्रचार में विरोधियों और SP को दी खुली चेतावनी; देखें VIDEO
पेयजल संकट की वजह से भी बढ़ी नाराजगी
इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में पेयजल संकट और बिजली की अनियमित आपूर्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में उन्हें पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है। कई इलाकों में पानी की सप्लाई समय पर नहीं होती, जिससे लोगों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। वहीं बिजली की बार-बार कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से भी आमजन परेशान हैं।
कई बार दर्ज करा चुके हैं शिकायत- स्थानीय निवासी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं और जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। समस्याओं के निराकरण में हो रही देरी के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है, जिसके चलते उन्हें विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम का सहारा लेना पड़ा।
अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से चर्चा कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
यह भी पढ़ें: ‘कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत’, इंदौर में बोले CM मोहन यादव; पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर की तारीफ
हालांकि स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे भविष्य में और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन ने क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया है, लेकिन अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आश्वासन धरातल पर कब तक उतरता है।
