
Madhya Pradesh Top 10 News Navbharat Live: मध्य प्रदेश में आज का दिन काफी अहम रहा। मंडला को लेकर सीएम के अपर सचिव का बयान चर्चा में रहा, भोपाल में परेशान पति ने अपनी कार पर लिखवाई दुख भरी दास्तान वंही जबलपुर में पति के अफेयर और प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने बेटी संग दी जान और भोपाल में गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन का मामला फिर गरमाया। यहां पढ़िए प्रदेश की 10 प्रमुख खबरें, विस्तार से।
मध्य प्रदेश के मंडला जिले के विकास को लेकर अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम और भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। दरअसल, मंडला दौरे पर पहुंचे अपर सचिव मरकाम ने जिले के पिछले 40 साल के विकास पर सवाल उठाते हुए जनप्रतिनिधियों को घेरा था। अब सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने उनके बयान पर नाराजगी जताते हुए तीखा पलटवार किया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इन दिनों एक अनोखी कार लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस कार की खासियत इसका मॉडल या डिजाइन नहीं बल्कि इस पर लिखी एक शख्स की पर्सनल लाइफ की स्टोरी है। कार के मालिक ने अपनी पत्नी की ओर से दर्ज कराए गए सभी केसों का पूरा ब्यौरा गाड़ी पर लिखवा रखा है। सड़क से निकलते समय कार पर लिखी जानकारी पढ़कर लोग हैरान हो रहे हैं और इसकी चर्चा कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश के जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी 11 साल की बेटी के साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना नर्मदा नगर में 25 नवंबर की रात की बताई जा रही है। जिसमें 40 साल की अंजना कुशवाहा और उनकी बेटी के शव घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले थे। अंजना की मौत से पहले बनाए गए तीन वीडियो सामने आए हैं जिसमें उन्होंने अपने पति मनीष कुशवाहा और पड़ोस में रहने वाली सोनी गुप्ता नाम की एक महिला पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अंजना ने वीडियो में अपने पति के अफेयर और टॉर्चर का जिक्र किया है।
मध्यप्रदेश में गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी होने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर राजधानी भोपाल में एनएसयूआई कार्यकर्ता टीटी नगर थाने पहुंचे। एनएसयूआई पदाधिकारी रवि परमार ने पहले इस मामले में आपत्ति उठाते हुए ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था की कथित खामी को उजागर किया था।
सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र में गेहूं परिवहन के लिए जा रहे ट्रक की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर सुनकर उसकी 75 वर्षीय मां भी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उनका भी निधन हो गया। एक ही परिवार में मां और बेटी की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
धर्म और आस्था से जुड़ी एक अलग मिसाल उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर में देखने को मिली है। देपालपुर निवासी इरफान लाला अपने परिवार के साथ नियमित रूप से मंदिर पहुंचकर हनुमानजी के दर्शन करते हैं। मुस्लिम परिवार से आने वाले इरफान अपनी पत्नी इसराद और दो साल के बेटे अबान के साथ खड़े हनुमान के दर्शन करने आते हैं। उनका कहना है कि परिवार में बच्चों के जन्म के बाद से खड़े हनुमानजी के प्रति उनकी विशेष आस्था है।
पन्ना में एक बाघिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज में मनकी गांव के पास जंगल में बाघिन का शव मिला। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा बुरी तरह कसा हुआ था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए फंदा लगाया था, जिसमें फंसकर बाघिन की जान चली गई।
इंदौर की चंदन गुरु व्यायामशाला के कोच पर नाबालिग पहलवान छात्र के साथ यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित चंदन गुरु व्यायामशाला का है, जहां 14 वर्षीय छात्र कुश्ती का प्रशिक्षण लेने जाता था। छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कोच मनीष नामदेव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में फेमस सिंगर शंकर महादेवन अपनी पत्नी के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने भगवान महाकाल का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देश और समाज की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। शंकर महादेवन के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। बाबा महाकाल के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मध्य प्रदेश में नवंबर के आखिरी दिनों में सर्दी ने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। रात के तापमान में लगातार गिरावट के चलते प्रदेश के कई शहर ठिठुरने लगे हैं। हालात ये हैं कि 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 6.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी ठंड का असर बढ़ गया है।