

भोपाल की सड़कों पर अनोखी कार बनी चर्चा का विषय।
गाड़ी पर लिखी है निजी जिंदगी की कहानी।
कार मालिक मुदित चौरसिया ने पत्नी के दर्ज कराए मुकदमों का पूरा ब्यौरा लिखवाया।
Bhopal Husband Wife Dispute Case Written In Car: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इन दिनों एक अनोखी कार लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस कार की खासियत इसका मॉडल या डिजाइन नहीं बल्कि इस पर लिखी एक शख्स की पर्सनल लाइफ की स्टोरी है।
कार के मालिक ने अपनी पत्नी की ओर से दर्ज कराए गए सभी केसों का पूरा ब्यौरा गाड़ी पर लिखवा रखा है। सड़क से निकलते समय कार पर लिखी जानकारी पढ़कर लोग हैरान हो रहे हैं और इसकी चर्चा कर रहे हैं।
कार के मालिक मुदित चौरसिया मूल रूप से छतरपुर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी निजी जिंदगी में कानूनी मामलों को लेकर हुए अनुभवों को सबको बताने के लिए लिए यह अनोखा तरीका अपनाया है। मुदित का कहना है कि वह अपनी आपबीती लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं, जिससे दूसरे लोग भी इस तरह की परिस्थितियों के बारे में जान सकें।
मुदित चौरसिया के मुताबिक, उनकी शादी इंदौर शहर में हुई थी। शादी के बाद पत्नी ने उनके खिलाफ एक के बाद एक कुल 11 मामले दर्ज कराए। इन सभी मामलों की सुनवाई इंदौर की अलग-अलग अदालतों में हुई। मुदित का दावा है कि इन 11 मुकदमों का निपटारा हो चुका है। इसी कानूनी लड़ाई की जानकारी उन्होंने अपनी कार पर लिखवाई है। उनका कहना है कि इन मामलों के कारण उन्हें लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
मुदित ने बताया कि अब उनका पत्नी से तलाक हो चुका है और वह दूसरी शादी भी कर चुके हैं। हालांकि, पहली शादी से हुई बेटी से जुड़ा मामला अभी खत्म नहीं हुआ है। इस मामले की सुनवाई इंदौर फैमिली कोर्ट में चल रही है। यानी 11 मुकदमों का निपटारा होने के बाद भी उनकी कानूनी लड़ाई पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। बेटी से जुड़े मामले को लेकर उन्हें अभी अदालत के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
मुदित ने कार पर मुकदमों का ब्यौरा लिखवाने के पीछे अपनी आपबीती लोगों तक पहुंचाने का मकसद बताया है। उनका आरोप है कि कई बार झूठे मुकदमों के जरिए लोगों को प्रताड़ित किया जाता है। ऐसी परिस्थितियों में लोग मानसिक रूप से परेशान हो जाते हैं और कुछ मामलों में गलत कदम तक उठा लेते हैं।
उन्होंने न्यायिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुकदमों के निपटारे के लिए एक निश्चित समय-सीमा होनी चाहिए, ताकि लोगों को सालों तक अदालतों के चक्कर न लगाने पड़ें। फिलहाल, भोपाल की सड़कों पर घूम रही मुदित की यह कार लोगों के लिए कौतूहल का विषय बनी हुई है। कार पर लिखी 11 मुकदमों की कहानी राह चलते लोगों को रुककर इसे पढ़ने पर मजबूर कर रही है।