
Madhya Pradesh Top 10 News Navbharat Live: मध्य प्रदेश में सोमवार को राजनीति, प्रशासन, मौसम, हादसों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आईं। इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय के वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने सवाल उठाए, जबकि ग्वालियर में चंबल-कोतवाल जल परियोजना का ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निरीक्षण किया। वहीं उज्जैन में भस्म आरती के नाम पर ऑनलाइन ठगी और सीहोर में विवादित बयान का मामला चर्चा में रहा। पढ़िए प्रदेश की 10 बड़ी खबरें एक नजर में।
इंदौर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वीडियो में विजयवर्गीय बीजेपी की महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “संध्या दीदी की भी जरा चौड़ाई बढ़ गई, थोड़ी सी।” इसके बाद उन्होंने महिलाओं की जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए घर और बाहर दोनों जगह काम करने की बात कही। कांग्रेस ने बयान को मुद्दा बनाया है।
ग्वालियर और मुरैना की भविष्य की जल जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार की जा रही चंबल-कोतवाल जल परियोजना का केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने कोतवाल डैम के निर्माणाधीन इंटेकवेल, सांक नदी पर बन रहे पाइपलाइन ब्रिज और बानमोर के पास पाइपलाइन बिछाने के काम का जायजा लिया। करीब 458 करोड़ रुपये की परियोजना से ग्वालियर में 150 एमएलडी पानी जोड़ने का लक्ष्य है। इसे 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है।
सीहोर जिले के इछावर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम के दौरान क्षत्रिय करणी सेना के ओकेंद्र राणा के बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है। सार्वजनिक मंच से दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा और जनपद पंचायत फंदा के अध्यक्ष प्रमोद राजपूत भी मौजूद थे।
उज्जैन में बाबा महाकाल की भस्म आरती के नाम पर श्रद्धालुओं से कथित ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। मेरठ के 12 श्रद्धालुओं ने एक ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किया था। सोशल मीडिया पर मिले नंबर पर बातचीत के बाद प्रति व्यक्ति 2500 रुपये शुल्क बताया गया। श्रद्धालुओं ने UPI से 15-15 हजार रुपये की दो किश्तों में कुल 30 हजार रुपये दिए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें ‘VIP भस्म आरती पास’ भेजे।
मुरैना की बेटी और भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा शर्मा के चंबल लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 की विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहीं कृष्णा के अम्बाह पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग जुटे। अम्बाह के मुरैना तिराहे से उनके पैतृक गांव बरवाई तक स्वागत रैली निकाली गई। करीब तीन घंटे चली रैली में जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत हुआ।
भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल में रविवार सुबह लिफ्ट खराब होने से वरिष्ठ IAS अधिकारी की पत्नी समेत तीन लोग करीब 20 से 25 मिनट तक फंसे रहे। महिला मेडिकल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने होटल पहुंची थीं। सुबह करीब 10:40 बजे लिफ्ट बीच में रुक गई। अंदर से मदद के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्काल रिस्पॉन्स नहीं मिला। बाद में प्रशासनिक सूचना पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची।
भोपाल के 12 नंबर मार्केट के पास प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवासीय प्रोजेक्ट की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि शिफ्ट होने के 8-9 महीने के भीतर ही फ्लैट्स में प्लास्टर टूटने और दीवारों से पानी रिसने जैसी समस्याएं सामने आने लगीं। लोगों ने पिलर की मजबूती समेत अन्य निर्माण संबंधी खामियों पर भी सवाल उठाए हैं। करीब 247 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट में कुल 1,800 फ्लैट प्रस्तावित हैं।
सीहोर के प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम के मुख्य द्वार के सामने सोमवार को तेज रफ्तार कचरा वाहन बेकाबू होकर दुकानों में जा घुसा। हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। वाहन की टक्कर से दुकानों के शेड टूट गए और सामान बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था। हादसे में खरीदारी और विश्राम कर रहे कई श्रद्धालु वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए।
दतिया में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक सक्रियता एक बार फिर दिखाई दी। रविवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा दतिया से शुरू हुई। करीब 500 फोर व्हीलर वाहनों के काफिले के साथ निकली यात्रा में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। धीरपुरा, इंदरगढ़, थरेट और भऊआपुरा समेत कई जगह नरोत्तम मिश्रा का स्वागत किया गया। काफिले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए गए।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले मध्य प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इससे पहले भी कई जिलों में रिमझिम और हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 24 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।