एशिया कप जीतकर चंबल लौटी मुरैना की बेटी कृष्णा शर्मा, अम्बाह से बरवाई तक 3 घंटे की भव्य स्वागत रैली

Women Junior Hockey Asia Cup 2026 : एशिया कप विजेता भारतीय जूनियर हॉकी टीम की खिलाड़ी कृष्णा शर्मा का मुरैना में भव्य स्वागत हुआ। अम्बाह से पैतृक गांव बरवाई तक तीन घंटे की रैली निकाली गई।
Morena Hockey Player Krishna Sharma
हॉकी प्लेयर कृष्णा शर्मा को जोरदार स्वागतफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Krishna Sharma Hockey Player : मुरैना की बेटी और भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा शर्मा के चंबल लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 की विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहीं कृष्णा के अम्बाह पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए जुटे। इसके बाद अम्बाह से उनके पैतृक गांव बरवाई तक भव्य स्वागत रैली निकाली गई।

कृष्णा शर्मा के सम्मान में अम्बाह के मुरैना तिराहे से रैली शुरू हुई। करीब तीन घंटे चली इस रैली के दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे मौजूद रहे और चंबल की बेटी की उपलब्धि पर उत्साह जताया। मुरैना पहुंचने पर महापौर शारदा सोलंकी ने भी कृष्णा का स्वागत किया।

टूर्नामेंट में कृष्णा ने दागे 5 गोल

चीन में आयोजित महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 में कृष्णा शर्मा ने भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने 5 गोल किए। भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर हॉकी एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि में कृष्णा के प्रदर्शन की भी अहम भूमिका रही।

पैतृक गांव बरवाई पहुंची रैली

मुरैना जिले के अम्बाह से शुरू हुई स्वागत रैली करीब तीन घंटे बाद कृष्णा के पैतृक गांव बरवाई स्थित पंडित रामप्रसाद बिस्मिल पार्क पहुंची। गांव पहुंचने के बाद कृष्णा शर्मा ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

सरपंच ने बताया पूरे चंबल के लिए गौरव

बरवाई में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम सरपंच रामनरेश शर्मा ने कृष्णा शर्मा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कृष्णा की उपलब्धि पूरे चंबल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। साथ ही लोगों से बेटियों को पढ़ाने, खेलों में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को अवसर देने की अपील की।

Morena Hockey Player Krishna Sharma
मुरैना में सिंधिया बोले-हम ही नहीं आने वाली पीढ़ी को भी नलों से मिलेगा चंबल का पानी,2055 तक पेयजल की चिंता नहीं

कृष्णा ने माता-पिता और प्रशिक्षकों को दिया श्रेय

अपने गांव पहुंचने के बाद कृष्णा शर्मा ने लोगों का आभार जताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों, प्रशिक्षकों, ग्वालियर हॉकी अकादमी और भारतीय टीम के सभी सदस्यों को दिया। कृष्णा की उपलब्धि के बाद उनके पैतृक गांव समेत पूरे चंबल क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com