मुरैना में डेढ़ साल पुरानी रंजिश फिर भड़की, दो पक्षों ने छतों से बरसाए पत्थर; पुलिस ने किया मामला दर्ज
Morena Crime News: एमपी के मुरैना में डेढ़ साल पुरानी रंजिश में खूनी जंग, काजीबसई गांव में छतों से जमकर बरसाए पत्थर, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज कीं 2 FIR, 8 आरोपी।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: सजल रघुवंशी
मुरैना में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Stone Pelting In Morena Between Two Parties: मुरैना के काजीबसई गांव में डेढ़ साल पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। सोमवार शाम को एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर छतों से चढ़कर जमकर पथराव किया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ और महिलाओं के साथ मारपीट की गई।
पहले पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया, लेकिन पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दूसरी एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। दोनों मामलों में कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है।
डेढ़ साल पहले शादी समारोह में हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार काजीबसई गांव में राशिद खान और लईक खान के परिवारों के बीच डेढ़ साल पहले एक शादी समारोह में विवाद हुआ था। उस समय फायरिंग की घटना भी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लईक पक्ष की दो बंदूकों के लाइसेंस निरस्त कर दिए थे। इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि पुराने मामले की शिकायत करने वाला पड़ोसी गुजरात के अहमदाबाद में नौकरी करने चला गया था। हाल ही में उसके गांव लौटने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।
सम्बंधित ख़बरें
MP में रोजगार के लिए नवाचारों पर जोर; पर्यटन और कुटीर उद्योगों से युवाओं को जोड़कर बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर
करोड़ों की जमीन पर कब्जे का विवाद: पुलिसकर्मियों पर हमला, दो जवान घायल
रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी निलंबित, कलेक्टर शिवम वर्मा का बड़ा एक्शन
उमरिया में कांग्रेस का महा-संग्राम, SDM के नहीं पहुंचने पर भड़के कार्यकर्ता; कार्यालय का किया घेराव
राशिद खान के घर पर जमकर बरसाए पत्थर
सोमवार शाम को लईक पक्ष के लोग छतों पर चढ़ गए और राशिद खान के घर पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थर लगने से राशिद, मुस्तफा और जेबून घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया पथराव की घटना के बाद मंगलवार सुबह दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान लईक पक्ष के लोगों ने राशिद के परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद अफसार पुत्र मोहम्मद युनुस की शिकायत पर पुलिस ने लईक खान, काजिम और खालिद मोहम्मद के खिलाफ मारपीट और धमकाने का मामला दर्ज किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इसी बीच पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में आधा दर्जन से अधिक लोग छतों और सड़क से एक घर पर पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच की और राशिद पुत्र सईद खान की शिकायत पर दूसरी एफआईआर दर्ज की।
यह भी पढ़ें: MP में रोजगार के लिए नवाचारों पर जोर; पर्यटन और कुटीर उद्योगों से युवाओं को जोड़कर बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर
वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही जांच
दूसरे मामले में जीशान, हबीब, शमशाद, काजिम, लईक और तारिक को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लेकिन डेढ़ साल पुरानी रंजिश ने एक बार फिर काजीबसई गांव का माहौल बिगाड़ दिया। पहले पथराव और फिर मारपीट की घटनाओं ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
